बांका में बोर्ड देखकर भड़क उठे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार; अंग्रेजी पर लगा दी DM की क्लास

बिहार : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को बांका पहुंचे। इस दौरान सदर अस्पताल में 14 करोड़ की लागत से मॉडल अस्पताल भवन का लोकार्पण किया। अभियान बसेरा के तहत 1015 भूमिहिन परिवारों के बीच जमीन का पर्चा वितरण किया। साथ ही करोड़ों की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।

इस क्रम में सदर अस्पताल में कैफेटेरिया, इंडोर स्टेडियम व आरएमके मैदान स्थित डिजिटल लाइब्रेरी का बोर्ड अंग्रेजी में लिखा देख मुख्यमंत्री भड़क गए। उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि हिंदी को बढ़ाने के लिए हमलोग काम कर रहे हैं और यहां सभी जगहों पर अंग्रेजी में लिखावट है। मुख्यमंत्री ने डीएम अंशुल कुमार से शीघ्र ही अंग्रेजी की जगह हिंदी में बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। इसके अलावा, इंडोर स्टेडियम में उन्होंने खिलाड़ियों से बातचीत की। खिलाड़ियों से सभी सुविधाएं मिलने की भी जानकारी प्राप्त की। यहां के बाद मुख्यमंत्री ने डिजिटल लाइब्रेरी में पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं से भी बातचीत की।

सुविधाओं के बारे में ली जानकारी

यहां की बेहतर सुविदाओं की जानकारी छात्रों ने दी। इसके बाद मुख्यमंत्री जीविका के स्टॉल पर पहुंचे और एक-एक चीज का निरीक्षण किया। इसके बाद आरएमके ग्राउंड स्थित सभा मंच पर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम का दीप जलाकर उद्धाटन किया। इस दौरान अभियान बसेरा के तहत 1015 भूमिहीन परिवारों के बीच पांच-पांच डिसमिल जमीन का पर्चा वितरण किया। पांच भूमिहीन परिवारों को मुख्यमंत्री ने खुद पर्चा दिया। साथ ही मिशन संकल्प पुस्तिका का भी विमोचन किया। इसके तहत 511 एकड़ जमीन प्रशासन के द्वारा कब्जा मुक्त किया गया है।

इस पुस्तक में सभी के दस्तावेज शामिल हैं। इस मौके पर राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री आलोक मेहता, पीएचईडी मंत्री ललित यादव, लघु जल संसाधन मंत्री जयंत राज कुशवाहा, सांसद गिरिधारी यादव, बेलहर विधायक मनोज यादव, धोरैया विधायक भूदेव चौधरी मौजूद थे। मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों को डीएम अंशुल कुमार बुके देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन एडीएम माधव कुमार सिंह ने किया।

जमुई पहुंचे सीएम नीतीश

वहीं, सीएम नीतीश, इससे पहले जमुई के सोनो पहुंचे। उन्होंने बरनार काजवे के क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को छठ पूजा से पहले तत्काल पुल को दुरुस्त कर आवागमन चालू कराने का निर्देश दिया। साथ ही क्षतिग्रस्त पुल के सामानंतर आरसीसी पूल बनाने की बात कही। लगभग 45 मिनट पुल का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से रवाना हो गए। इस अवसर पर मंत्री सुमित कुमार सिंह, एमलसी संजय प्रसाद, पूर्व विधान पार्षद संजय प्रसाद, जिलाधिकारी राकेश कुमार, निवर्तमान जिलाधिकारी अवनीश कुमार सिंह, एसपी डा. शोर्य सुमन आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading