स्कूली बच्चों को लेकर राजगीर निकले तेज प्रताप, लालू यादव ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

बिहार : तेज प्रताप यादव मंत्री के रूप में बहुत ही बेहतर कार्य कर रहे हैं। ये पर्यावरण फ्रेंडली मंत्री बन गए हैं। देखिए, स्कूली बच्चों को राजगीर जू सफारी और नेचर सफारी का भ्रमण कराने के लिए खुद ले जा रहे हैं। इनका बच्चों के साथ भी बहुत लगाव है। उक्त बातें राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने कही।  बच्चों के साथ खिंचवाई तस्वीर

लालू यादव ने शुक्रवार को 10 सर्कुलर रोड से स्कूली बच्चों की टीम को राजगीर जू सफारी और नेचर सफरी भ्रमण के लिए हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया। इस दौरान बच्चों के साथ तस्वीर भी खिंचाई। तीन वाहनों से 74 बच्चे राजगीर के लिए रवाना हुए। इस मौके पर लालू प्रसाद यादव ने कहा कि तेजप्रताप पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री के रूप में पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य कर रहे हैं। पौधा लगवाने, वृक्षों और जंगलों के संरक्षण का कार्य कर रहे हैं। वायु प्रदूषण में कमी लाने के लिए खुद साइकिल चलाते हैं। इनके कामकाज से वह प्रसन्न हैं।

लालू बोले- पर्यावरण संरक्षण के लिए सबको आना होगा आगे

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सबको आगे आना होगा। इसी कड़ी में स्कूली बच्चों के साथ राजगीर खुद जा रहे हैं। लालू ने आगे कहा कि वह भी कुछ दिन पहले राजगीर जू सफारी गए थे। यह सफारी भ्रमण करने लायक है। राजगीर रवाना होने के पहले पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तेज प्रताप यादव ने अपने पिता लालू प्रसाद यादव को बताया कि संजय गांधी जैविक उद्यान में आयोजित कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने उनसे कहा था कि राजगीर जू सफारी का भ्रमण करा दीजिए।

नि:शुल्क कराया जाएगा भ्रमण

तेजप्रताप ने आगे कहा कि उस दौरान उन्होंने इस बात की घोषणा कर दी थी कि बच्चों को नि:शुल्क भ्रमण कराया जाएगा। चिड़ियाघर प्रशासन बच्चों को राजगीर ले जाने और पटना वापस लाने का खर्च उठाएगी। नाश्ता और भोजन भी निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। तेज प्रताप यादव ने रवाना होते हुए कहा कि वह बच्चों के संग मस्ती के साथ भ्रमण करेंगे। बच्चे ही भविष्य हैं। ये जागरूक रहेंगे तो पर्यावरण का संरक्षण होगा। इससे पहले पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के पारिस्थितिकी निदेशक सुरेंद्र सिंह ने संजय गांधी जैविक उद्यान के गेट संख्या दो से बच्चों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। बच्चों के साथ उद्यान निदेशक सत्यजीत कुमार भी राजगीर के लिए रवाना हुए।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.