बिहार: जयप्रकाश विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए यह खबर बेहद खास है. कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं अगर अपने वर्ग में 3 दिन तक अनुपस्थित रहेंगे तो उनका नामांकन रद्द भी हो सकता है. इसको लेकर पत्र भी जारी किया गया है. वहीं, कॉलेज प्रबंधन के द्वारा छात्र-छात्राओं के पास चिट्ठी भी लिखकर इस बात की जानकारी दी जा रही है. यही नहीं सोशल मीडिया के माध्यम से मैसेज किया जा रहा है. जानकारी के अनुसार कॉलेजों में वर्ग संचालन को लेकर शिक्षक छात्र-छात्राओं का इंतजार कर रहे हैं. लेकिन अभी भी जानकारी के अभाव में बहुत से छात्र-छात्राएं वर्ग में नहीं पहुंच रहे हैं.
जयप्रकाश विश्वविद्यालय प्रशासन के द्वारा बताया जा रहा है कि ऐसे छात्र-छात्राओं के लिए पत्र और सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी जा रही है. जानकारी देने के बावजूद जो छात्र-छात्राएं क्लास में शामिल नहीं हो रहे हैं, उनके लिए मुश्किलें खड़ी हो सकती है. लगातार तीन दिन अनुपस्थित रहने वाले छात्र-छात्राओं का अब नामांकन रद्द करने की कार्रवाई शुरू की जा रही है. डॉ. शबाना परवीन मलिक ने बताया कि चिट्ठी के माध्यम से वर्ग संचालित करने को लेकर विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से सूचना दी गई है. जिसको लेकर कॉलेज में सभी शिक्षकों ने मीटिंग कर अहम निर्णय भी लिया है.

सोशल मीडिया के द्वारा जा रही सूचना
डॉ. शबाना परवीन ने बताया कि मीटिंग में निर्णय लिया गया है कि सभी छात्र-छात्राओं के पास चिट्ठी लिखकर और सोशल मीडिया के जरिए मैसेज देकर वर्ग में आने के लिए सूचित किया जाए. इसका पालन करना भी शुरू हो गया है. उन्होंने बताया कि इस तरह के सूचना मिलने के बाद छात्र-छात्राओं की वर्ग में संख्या लगातार बढ़ रही है. उन्होंने बताया कि अगर लगातार तीन दिन तक जो छात्र-छात्राएं अपने वर्ग में अनुपस्थित पाए जाएंगे तो उन पर कठोर कार्रवाई करते हुए उनका नामांकन भी रद्द किया जा सकता है. वर्ग में शिक्षक तो उपस्थित रहते है, लेकिन छात्र-छात्राओं की कमी की वजह से पढ़ाने में भी मन नहीं लगता है. विश्वविद्यालय प्रबंधन के इस आदेश के बाद अब छात्र-छात्राओं की लगातार संख्या बढ़ रही है.