बिहार : लोक आस्था का महापर्व छठ को लेकर तैयारी ने रफ्तार पकड़ लिया है. गली-मोहल्ले में लोग छठ की तैयारी में लगे हैं. लोग अपने घरों को साफ कर रहे हैं. गली-मोहल्लों को चमका रहे हैं तथा अपने घरों को रंग- रोगन भी कर रहे हैं. एक तरफ जहां लोग अपने घरों में छठ की तैयारी कर रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ छठ घाटों पर भी तैयारी शुरू हो गई हैं. अलग-अलग घाट पर अलग-अलग व्यवस्थाएं की जा रही है. लोगों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसका भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है. बिहार-झारखंड, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में छठ की एक विशेष महत्ता है तथा लोग इस व्रत को अलग नजरिए से देखते हैं. घरों में ऐसी मान्यता है कि घर की प्रधान महिला ही इस व्रत को कर सकती हैं, लेकिन अगर कोई और भी व्यक्ति माता छठ की उपासना करना चाहता है तो वह भी ऐसा कर सकता है, बस इसके लिए उन्हें कुछ नियमों का पालन करना होगा.
कोई भी व्यक्ति कर सकता है छठ का व्रत जानिए कैसे
छठ का व्रत घर के प्रधान महिलाएं ही करती हैं, लेकिन अगर आप भी भगवान भास्कर की आराधना करना चाहते हैं, तो आप भी छठ का व्रत रख सकते हैं. उन्होंने बताया कि जो व्यक्ति माता छठ की आराधना करना चाहता है वह पूरे विधि-विधान से छठ व्रती की तरह ही पिछले 15 दिनों से इसका अनुपालन करना शुरू कर दे. लहसुन, प्याज जैसे चीजों का सेवन बंद कर दें. उन्होंने बताया कि षष्ठी और सप्तमी तिथि को निर्जला उपवास रखकर जल में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकते हैं. लेकिन इस दौरान उन्हें हाथ पर सूप लेने की मनाही है, वह अपने हाथों में एक नारियल लेकर भगवान भास्कर को अर्घ्य दे सकते हैं.

छठ व्रती की तरह नहीं करना है सभी विधि-विधान
जो व्यक्ति छठ का व्रत करना चाहते हैं, वह उपवास रख सकते हैं. लेकिन उन्हें छठ व्रतियों की तरह सभी विधि-विधान करने की कोई जरूरत नहीं है. जिस प्रकार छठ व्रती चार दिनों तक लगातार नहाय खाय, खरना इत्यादि का विधान करते हैं, यह सब करने की उन्हें जरूरत नहीं पड़ेगी. वे केवल षष्ठी तिथि को निर्जला उपवास रखें और संध्याकालीन भगवान भास्कर को जल के बीच खड़े होकर अर्घ्य दें. इसके उपरांत दूसरी सुबह उदीयमान भगवान भास्कर को भी ठीक उसी प्रकार जल में खड़े होकर अर्घ्य दे सकते हैं.