पछुआ हवा के कारण प्रदेश के मौसम में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में क्रमिक वृद्धि तो कहीं क्रमिक गिरावट का सिलसिला जारी है। रविवार को पटना सहित 14 शहरों के न्यूनतम तापमान में जहां आंशिक वृद्धि दर्ज की गई वहीं, शेष जिलों के तापमान में गिरावट आई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के अधिसंख्य भागों के न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना है। वहीं इसके बाद तापमान में गिरावट के आसार है। रविवार को गया शहर दूसरे दिन भी प्रदेश का सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी के न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राज्य के वातावरण में बढ़ रही ठंड के साथ ही प्रदूषण की समस्या भी काफी तेजी से बढ़ रही है। बेगूसराय रविवार को देश का सर्वाधिक प्रदूषित शहर रहा। यहां एयर क्वालिटी इंडेक्स 453 पर पहुंच गया। यह इस मौसम का रिकार्ड है। देश में दूसरे स्थान पर राजस्थान का हनुमानगढ़ रहा, वहां पर वायु प्रदूषण की मात्रा 438 एक्यूआइ रही।