पटना: ‘पढ़ोगे-लिखोगे तो बनोगे नवाब.. खेलोगे-कूदोगे तो बनोगे खराब.. लेकिन अब ऐसा नहीं चलेगा. आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का जमाना है. ऐसे में जरूरत है कि बच्चे आईफोन, टैब छोड़कर खेल के मैदानों का रूख करें.’ एक निजी स्कूल कार्यक्रम में बोलते हुए बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने विरोधियों को करारा जवाब दिया, जो नौंवीं फेल कहकर उनपर तंज कसते है.

नौवीं फेल को लेकर बोले तेजस्वी यादव
पिछले दिनों बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव पटना में एक निजी स्कूल के कार्यक्रम में पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि जो भी बिहार का खिलाड़ी मेडल लाएगा, उसे यहां नौकरी मिलेगी. साथ ही उन्होंने अपनी पढ़ाई लिखाई को लेकर विरोधियों को मंच से दो टूक जवाब दिया. उन्होंने कहा कि मैं दो-दो सीएम का बेटा हूं, मैं चाहता तो डिग्री हमारे घर की चौखट पर चलकर आतीं, लेकिन मैंने ईमानदारी से काम किया.
‘यह पराक्रम नहीं शर्म की बात’- प्रशांत किशोर
तेजस्वी यादव के जवाब पर चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर से जब सवाल पूछा गया तो उन्होंने इसे हास्यास्पद बताया. प्रशांत किशोर ने कहा कि, इनका (तेजस्वी यादव) बयान बताता है कि जिसके माता पिता मुख्यमंत्री रहे, उनका लड़के ने पढ़ाई नहीं की, यह पराक्रम या समझदारी की बात नहीं, बल्कि शर्म की बात है.
दरअसल, पिछले दिनों बिहार के दरभंगा में जन सुराज यात्रा के दौरान चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने लालू परिवार पर तंज सकते हुए कहा था कि, आरजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को सिर्फ अपने बेटे तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने की चिंता है, उन्हें बिहार के युवाओं की चिंता नहीं है. लालू यादव का बेटा नौंवीं फेस, फिर भी उनके पिता चाहते हैं कि उनका बेटा सीएम बनें.

प्रशांत किशोर पर आगबबूला हुईं लालू की बेटी
बता दें कि बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की पढ़ाई लिखाई को लेकर कई बार सवाल उठते हैं. तेजस्वी यादव ने नौंवी तक की पढ़ाई की है, जबकि उनके भाई तेज प्रताप यादव इंटर पास हैं. हालांकि दोनों भाई की शिक्षा को लेकर जब जब सवाल उठे, परिवार और पार्टी की ओर से उन्हें करारा जवाब दिया जाता है. प्रशांत किशोर के बयान पर भी लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने नाराजगी जताई थी.