बिहार: राजधानी पटना समेत प्रदेश के मौसम में दो दिनों से बदलाव की स्थिति देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार, दो दिनों बाद शहरों के न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की कमी आएगी। शुक्रवार को पटना सहित प्रदेश के अधिसंख्य भागों में घने कोहरे का प्रभाव बने होने के साथ दक्षिण बिहार में दिन भर बादलों की आवाजाही बनी रही। गया, पूर्णिया में बहुत घना कोहरा रहा। वहीं, मोहनिया में 6.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। गया, सासाराम, डेहरी में बूंदाबांदी हुई। उत्तर हरियाणा के आसपास पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती परिसंचरण के रूप में मौजूद है।

नहीं सुधर रही ट्रेनों की गति, मगध तीन घंटे लेट
घने कोहरे के कारण ट्रेनों का विलंब से परिचालन जारी है। खासकर दिल्ली से आने वाली अधिकांश ट्रेनों की स्थिति काफी खराब है। शुक्रवार को मगध एवं साउथ बिहार तीन घंटा विलंब से चल रही है। वहीं, राजधानी दो घंटे, श्रमजीवी एक एवं राजेन्द्रनगर-हावड़ा एक घंटा विलंब से चल रही है। ट्रेनों के विलंब से चलने के कारण यात्रियों की परेशानी काफी बढ़ गई है। गुवाहाटी राजधानी भी एक घंटे विलंब से चल रही है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि मौसम में बदलाव के कारण ट्रेन विलंब से चल रही हैं।

पटना से दिल्ली और बेंगलुरु के दो जोड़ी विमान रद्द
घने कोहरे की वजह से शुक्रवार को पटना एयरपोर्ट से संचालित विमानों का परिचालन प्रभावित रहा। दिल्ली और बेंगलुरु के दो जोड़ी विमान रद कर दिए गए तो तीन फ्लाइटों के आने-जाने की सूचना नहीं दी जा रही थी। पहला विमान दिल्ली से पटना एयरपोर्ट पर सुबह 10:39 मिनट पर लैंड किया। इसके अलावा छह जोड़ी विमान विलंब से चले। बताया जाता है कि हैदराबाद-पटना (6ई6719), देवघर-पटना (6ई7944) और रांची-पटना (6ई925) के संबंध में कोई सूचना नहीं प्रसारित हो रही थी।