बिहार में नई सरकार गठित हो चुकी है। नीतीश कुमार ने वापस एनडीए के साथ मिलकर नई सरकार का गठन किया है। कल तक महागठबंधन में उप मुख्यमंत्री रहे तेजस्वी यादव ने प्रदेश की नई सरकार को अपनी बधाई दी है। साथ ही 17 साल बनाम 17 महीने में हुए कार्यों का हवाला देकर यह संकेत भी दे दिए हैं कि आने वाले चुनाव में राजद का चुनावी एजेंडा 17 साल बनाम 17 महीने होगा।

हमारी सरकार का मुद्दा राज्य का विकास: तेजस्वी
पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने रविवार को उन्होंने अपने एक्स मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर 17 महीने में किए गए कार्यों के बारे में विस्तार से बात की। तेजस्वी ने कहा कि हमारी सरकार का मुद्दा था कि राज्य का विकास हो। निवेश आए। लोगों को रोजगार मिले। हमारे 79 विधायक हैं। हमारे पास विभाग थे तो हमने काम किए। नीतीश कुमार पर तंज के अंदाज में उन्होंने कहा कि 2020 के चुनाव में नीतीश कुमार कहते थे कि 10 लाख नौकरी देने की बात करते हैं तो पैसा कहां से लाएंगे?

हमारी सरकार में लाखों को मिली नौकरी: तेजस्वी
तो मैं आपको बता देता हूं कि इनके (नीतीश कुमार) नेतृत्व में हमारी सरकार बनी और 15 अगस्त को मुख्यमंत्री ने एलान किया कि 10 लाख को नौकरी दी जाएगी। यह किसका विजन था। किसकी सोच थी। हमारी सरकार में साढ़े तीन लाख से अधिक लोगों को नौकरियां दी गई। हम नई नई नीति लेकर आए। पर्यटन नीति लेकर आए। आइटी पाॅलिसी लाए। स्पोट्र्स पालिसी हम लोग लेकर आए। इसी प्रकार शिक्षा विभाग हमारे पास था हमने इस विभाग में दो लाख से अधिक नौकरियां दी। स्वास्थ्य कैडर में एक लाख से अधिक बहाली होनी है। प्रस्ताव दिया है मगर दो बार से ये लोग उसे कैबिनेट में नहीं आने दे रहे हैं। 17 महीने में जो काम हुए वह ऐतिहासिक हैं और पूरे देश में इतना काम कहीं नहीं हुआ है।
