बिहार : भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा होने के बाद से श्रद्धालुओं का हुजूम लगा हुआ है. देश के कोने-कोने से श्रद्धालु भगवान राम का दर्शन करने के लिए वहां पहुंच रहे हैं. ऐसे में सीवान जिले के लोग भी भगवान का दर्शन करने के लिए काफी व्याकुल हैं. कई लोग तो सक्षम होने पर बाय रोड या निजी वाहनों से सफर कर पाए. हालांकि कई लोग डायरेक्ट ट्रेनों का परिचालन नहीं होने से निराश बैठे हुए थे. हालांकि, अब सीवान से अयोध्या तक की ट्रेन चलाई जा रही है. इससे यात्री आसानी से भगवान का दर्शन कर सकेंगे.

अहले सुबह आना होगा स्टेशन
रेलवे की ओर से यात्रियों के लिए आस्था स्पेशल ट्रेन का संचालन इस रूट पर किया जा रहा है. सीवान जक्शन पर आस्था स्पेशल ट्रेन अहले सुबह ही मिलेगी. सीवान जंक्शन पहुंचने का टाइमिंग सुबह 04.35 बजे है. यहां 5 मिनट इस गाड़ी का स्टॉपेज होगा. पांच मिनट रूकने के बाद ट्रेन 04.40 बजे पुनः अगले स्टेशन के लिए रवाना कर दी जाएगी. 5 मिनट में ही यात्रियों को ट्रेन पकड़ना होगा. यह गाड़ी प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर आएगी. इसकीसूचना अनाउंसमेंट के माध्यम से रेल डिपार्टमेंट देता रहेगा.

सीवान रूट से 740 किलोमीटर का सफर
कटिहार-अयोध्या-कटिहार को जाने वाली गाड़ी संख्या 00718 आस्था स्पेशल कटिहार, नौगछिया, खगड़िया, बेगूसराय, बरौनी, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, छपरा ग्रामीण, छपरा, सीवान जक्शन, देवरिया सदर, गोरखपुर, मनकापुर होते हुए दोपहर के 12.30 बजे अयोध्या पहुंचेगी. कुल 740 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस ट्रेन में सभी डब्बे रिजर्व श्रेणी के होंगे. मिली जानकारी के अनुसार इस ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा का विशेष प्रबंध किया गया है. वहीं ट्रेन के आने-जाने की सूचना स्थानीय जीआरपी व आरपीएफ समय-समय पर लेती रहेगी.