अब सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर किसी भी विषय की पुस्तक पढ़ सकेंगे। शिक्षा विभाग ने ई-लॉट्स (ई-लाइब्रेरी टीचर्स एंड स्टूडेंट्स) से सरकारी स्कूलों की किताबें भी डिजिटल किया है। पहले से 12वीं कक्षा तक की सभी पुस्तकों को अब ऑनलाइन कर दिया गया है।

सरकारी स्कूलों के बच्चे क्यूआर कोड स्कैन कर किसी भी चैप्टर को ऑनलाइन पढ़ सकते हैं। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद और एससीइआरटी ने सभी विषयों की किताबों को डिजिटल किया है। क्यूआर कोड को स्कैन करते ही किताब बच्चों के मोबाइल में उपलब्ध हो जाएगी, जिसके बाद बच्चे मोबाइल पर अपना मनचाहा पाठ आसानी से पढ़ सकेंगे।

शिक्षा विभाग ने जिला शिक्षा पदाधिकारी दिलीप कुमार सिंह को पत्र भेजकर ई-लॉट्स (ई-लाइब्रेरी टीचर्स एंड स्टूडेंट्स) के क्यूआर कोड का प्रचार प्रसार करने का निर्देश दिया है। प्रधानाध्यापक के माध्यम से सभी शिक्षक एवं विद्यार्थियों को ई-लॉट्स (ई-लाइब्रेरी टीचर्स एंड स्टूडेंट्स) को स्कैन कर पढ़ाई के लिए जागरूक करने के लिए कहा गया है।