प्रदेश के सभी प्रारंभिक और माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों की उपस्थिति की रिपोर्ट प्रतिदिन शिक्षा विभाग के कमांड कंट्रोल सेंटर में आएगी। इसको लेकर माध्यमिक शिक्षा निदेशक कन्हैया प्रसाद श्रीवास्तव ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र भेजा है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा है कि स्कूलों में शिक्षकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चत कराने के लिए यह निर्णय लिया गया है। शिक्षकों की उपस्थिति विद्यालय की उपस्थिति पंजी में दर्ज करने के अलावा नोट कैम एप के माध्यम से फोटो खींचकर सीधे जिला कार्यालय को उपलब्ध कराया जाएगा।

विभाग के कमांड कंट्रोल सेंटर में आएगी रिपोर्ट
फिर जिला कार्यालय के माध्यम से इसकी रिपोर्ट विभाग के कमांड कंट्रोल सेंटर में आएगी। निर्देश में यह भी कहा गया है कि विद्यालय समय से खुलें और सभी छात्र-शिक्षक उपस्थित हों, इसके लिए राज्य और प्रखंड स्तर से नोट कैम एप के माध्यम से निरीक्षण किया जा रहा है।

इस दौरान जो भी शिक्षक बिना सूचना के अनुपस्थित रहते हैं, उनका उस दिन का वेतन काट लिया जाता है। साथ ही ऐसे शिक्षकों के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बेहतर परिणाम आये हैं और शिक्षक विद्यालय अवधि तक वहां उपस्थित रहते हैं। साथ ही बच्चों की उपस्थिति भी विद्यालयों में बढ़ती जा रही है।
