बिहार विधानसभा के तत्कालीन अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी के कार्यकाल में शुरू हुई सुरक्षा प्रहरियों की नियुक्ति की प्रक्रिया रद्द कर दी गई है। अब नए सिरे से परीक्षा का आयोजन होगा। विधानसभा के अवर सचिव के हवाले से मंगलवार को जारी सूचना में यह जानकारी दी गई है।

जब यह प्रक्रिया शुरू हुई थी उस समय के विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा ने राज्यपाल को ज्ञापन देकर इसे रोकने की मांग की थी। उन्होंने धांधली का आरोप लगाया था। पिछले साल विधानसभा के पहले विज्ञापन में सुरक्षा कर्मियों के 69 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। 27 हजार से अधिक लोगों ने आवेदन दिया था। 10 सितंबर को प्रारंभिक परीक्षा हुई थी। इस साल 22 जनवरी को शारीरिक दक्षता की जांच हुई। नियुक्ति पत्र बांटने की तैयारी हो ही रही थी कि सरकार में परिवर्तन हो गया।


