बिहार में सिपाही भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में इओयू की बड़ी कार्रवाई

बिहार पुलिस में 21 हजार से अधिक पदों के लिए अक्टूबर में ली गई सिपाही भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले की जांच कर रही आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। ईओयू की टीम गुरुवार की शाम केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के पुराने एवं नए कार्यालय पहुंची। देर रात तक तलाशी जारी रही। इस दौरान परीक्षा से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई। पर्षद के कर्मचारियों व पदाधिकारियों से भी परीक्षा संचालन से जुड़ी जानकारी ली गई। परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र छपवाने से लेकर उसे बांटने की जिम्मेदारी किनके पास थी, प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्रों पर किस माध्यम से पहुंचा, इसकी मानीटरिंग आदि की क्या व्यवस्था थी, यह सारी जानकारी ली गई। इससे जुड़े दस्तावेजों को भी सुरक्षित रखा गया है।

Online Apply for CSBC Bihar Police Constable Recruitment of 8415 posts to  be start from 13 November | CSBC Bihar Police Constable Bharti: बिहार पुलिस  में 8415 पदों पर बहाली के लिए

सिपाही भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा पिछले साल एक अक्टूबर को ली गई थी मगर कदाचार और अनियमितता की शिकायत मिलने के बाद इसे रद्द कर दिया गया था। इस मामले में राज्य भर में 64 कांड दर्ज किए गए थे जबकि 148 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। ईओयू ने इन सभी कांडों को ग्रहण कर समेकित अनुसंधान शुरू किया था। इसके बाद ईओयू में 31 अक्टूबर को अलग से नई प्राथमिकी दर्ज की गई। इसमें जालसाजी के साथ आइटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसी कड़ी में ईओयू ने कोर्ट से सर्च वारंट प्राप्त कर गुरुवार को केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के पटना कार्यालय की विधिवित तलाशी ली गई।

हटाए जा चुके हैं तत्कालीन अध्यक्ष एसके सिंघल

केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के तत्कालीन अध्यक्ष एवं पूर्व डीजीपी एसके सिंघल को पहले ही हटाया जा चुका है। सिपाही भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी और फिर परीक्षा में हो रही देरी को देखते हुए राज्य सरकार ने पिछले साल दिसंबर में ही एसके सिंघल को पद से हटा दिया था। उनकी जगह अग्निशमन व होमगार्ड की डीजी शोभा ओहटकर को पर्षद का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था। एक दिन पूर्व ही गृह विभाग ने सीआइडी के एडीजी रहे जितेंद्र कुमार को सिपाही भर्ती का पूर्णकालिक अध्यक्ष नियुक्त किया है।

डेढ़ से दो घंटे पहले मिल गई थी आंसर-की

ईओयू के अनुसार, अब तक की जांच में पता चला है कि सिपाही भर्ती परीक्षा शुरू होने से पहले प्रश्नपत्र और आंसर-की बाहर आ गए थे। नवादा और पटना में जो साक्ष्य मिले हैं, उसके अनुसार डेढ़ से दो घंटे पहले ही अभ्यर्थियों को आंसर-की मिल गया था। जब आंसर-की दो घंटे पहले मिला है, तो निश्चित ही प्रश्न-पत्र और पहले आ गए होंगे। यह प्रश्नपत्र सबसे पहले कहां से लीक हुआ, किसने लीक किया, इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं, इन सारे बिंदुओं की जांच ईओयू कर रही है। एसआइटी की जांच में परीक्षा में गड़बड़ी के साथ ही वित्तीय लेन-देन के साक्ष्य भी मिले हैं।

ईओयू के डीआइजी मानवजीत सिंह ढिल्लन के नेतृत्व में बना विशेष अनुसंधान दल (एसआइटी) सिपाही भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले की जांच कर रहा है। एडीजी नैयर हसनैन खान के स्तर से पूरे मामले की मानीटरिंग की जा रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.