महागठबंधन में 40 सीटों पर फंसा पेंच, कौन करेगा त्याग?

बिहार : लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। लेकिन अभी तक बिहार में महागठबंधन में सीट बंटवारे का मुद्दा अभी तक लटका हुआ है। हालांकि बताया जा रहा है कि आज दिल्ली में इस मामले पर बड़ी बैठक है। जिसमें सीट शेयरिंग का मामला सुलझा लिया जाएगा। राजद और कांग्रेस के नेताओं के बीच दिल्ली में आज बैठक बुलाई है। इस बैठक में कांग्रेस के उम्मीदवारों के नाम और सीट तय किए जाएंगे।

RJD-28, कांग्रेस-11, माले-8, CPI-4, CPM-4; महागठबंधन में 40 सीटों पर कैसे होगा बंटवारा, कौन करेगा त्याग?

इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी मोहन प्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह व राजद से सांसद मनोज झा,भोला यादव और आलोक मेहता शामिल होंगे। राजद सूत्रों के अनुसार मंगलवार को महागठबंधन के घटक दलों के बीच सीटों के बंटवारे का औपचारिक ऐलान हो सकता है। लेकिन महागठबंधन में सीट बंटवारा आसान नहीं दिख रहा है। क्योंकि महागठबंधन की सहयोगी पार्टियों सीटों को लेकर अपनी-अपनी डिमांड पर अड़ी हैं। फिर चाहे वो कांग्रेस हो, सीपीआई, सीपीएम और माले हो। वहीं महागठबंधन का नेतृत्व कर रही आरजेडी ने भी 28 सीटों पर दावा ठोंका है। बिहार में 40 लोकसभा सीटों पर चुनाव होना है।

वहीं कांग्रेस ने 11 सीटों, सीपीआई 4, सीपीएम 4 और माले ने 8 सीटों पर दावेदारी बताई है। और कहा कि उनकी तैयारी भी चल रही है। ऐसे में आज की मीटिंग में सीट बंटवारा पर माथापच्ची होना तय समझा जा रहा है। सबसे बड़ी चुनौती वाम दल है। जिन्होने 16 सीटों पर दावा ठोंका है। वहीं कांग्रेस भी 11 से कम पर नहीं मान रही है।  महागठबंधन के घटक दलों में राजद सबसे ज्यादा 28 उम्मीदवार लोकसभा चुनाव में उतारेगा। 2004 के लोकसभा चुनाव में भी आरजेडी 26 सीटों पर लड़ी थी। तब 22 सीटों पर जीत मिली थी। अब 20 साल के बाद राजद फिर चुनावी मैदान में अपनी ताकत को आतुर है। जानकारी के मुताबिक महागठबंधन में शामिल दलों में कांग्रेस को 9, भाकपा माले को 2 और भाकपा को एक सीट मिलने की उम्मीद है।

 

 

 

माकपा को बिहार में जनाधार के अभाव में एक भी सीट देने पर विचार नहीं किया जा रहा है। हालांकि, माकपा ने भी अपनी दावेदारी 4 सीटों पर ठोंकी है। जिसमें उजियारपुर, समस्तीपुर, खगड़िया और महाराजगंज की सीट शामिल है। बताया जा रहा है कि राजद अपनी परंपरागत सीटों को छोड़ने को तैयार नहीं है। इनमें गया, बांका, भागलपुर, पाटलिपुत्र, बक्सर, छपरा, अररिया, दरभंगा, झंझारपुर, गोपालगंज, खगड़िया, उजियारपुर, समस्तीपुर, नालंदा, मोतिहारी, सीतामढ़ी, शिवहर, मुंगेर, नवादा, वैशाली, हाजीपुर, जमुई व बेगूसराय सीटें शामिल है।

राजद ने पिछले चुनाव में गया व औरंगाबाद सीटें जीतनराम मांझी की पार्टी हम को दे दी गयी थी लेकिन इस बार सिर्फ औरंगाबाद सीट कांग्रेस को देने की तैयारी है। वहीं, आरा सीट भी राजद की ओर से भाकपा माले को देने की तैयारी है। कांग्रेस के साथ भागलपुर, पश्चिमी चंपारण, समस्तीपुर, वैशाली को लेकर चर्चा अंतिम चरण में है।

वहीं कांग्रेस के खाते में भागलपुर, पटना साहिब, औरंगाबाद, सासाराम, नरकटियागंज, कटिहार, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, वैशाली सीटें दिए जाने की संभावना है। जबकि पूर्णिया सीट को कांग्रेस कोटा में शामिल करते हुए महागठबंधन की ओर से राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के लिए छोड़ा जा सकता है। कांग्रेस ने मधुबनी, मोतिहारी, पश्चिमी चंपारण व समस्तीपुर सीटों के लिए भी अपनी दावेदारी पेश की है।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.