छपरा. बिहार में चुनाव का रंग दिखने लगा है. सारण लोकसभा सीट से महागठबंधन प्रत्याशी और लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य ने प्रचार के क्रम में रोड शो किया. यहां रोहिणी आचार्य के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने जेसीबी से फूल बरसाए. सांढा गांव के पास पूर्व प्रत्याशी सुनील राय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रोहिणी आचार्य का स्वागत किया और फूलों की बारिश कर दी.

रोहिणी आचार्य ने सारण में मिल रहे समर्थन के लिए सारण की जनता का धन्यवाद दिया और कहा कि अपनी बेटी को इतना प्यार आशीर्वाद सारण की जनता दे रही है, उसका वो सम्मान करेंगी. इस दौरान रोहिणी विरोधियों पर भी गरजीं.

सारण की बदहाली के लिए लालू यादव को जिम्मेदार ठहराने वाले बयान पर रोहिणी ने राजीव प्रताप रूडी को आड़े हाथों लिया और कहा कि जनता खुद उनसे हिसाब मांग रही है. रोहिणी ने कहा कि उनके पिता लालू प्रसाद यादव ने जो विकास कार्य किया था वही विकास कार्य अभी भी दिख रहा है.

लालू की बेटी ने कहा कि राजीव प्रताप रूडी के पास अपने कामकाज का कोई हिसाब नहीं है. रोहिणी आचार्य के काफिले में पूर्व मंत्री जितेंद्र राय भी मौजूद थे जो रोहिणी आचार्य की रोड शो की तस्वीरें लेते नजर आए. जितेंद्र राय ने कहा कि रोहिणी आचार्य को सारण की जनता ने यहां बुलाया है और यहां से विजयी बनाकर सांसद भेजेगी.

