आंख के मरीजों के लिए अच्छी खबर है. अब मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल में मोतियाबिंद का ऑपरेशन इसी सप्ताह से शुरू होगा. अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर बनकर तैयार हो चुका है. मरीजों के लिए इसमें विशेष व्यवस्था की गई है. गौरतलब है कि सदर अस्पताल में वर्ष 2010 से आंखों का ऑपरेशन बंद था. वर्तमान में यहां पर सिर्फ OPD में आंखों का इलाज किया जाता था. ऐसे में यह आंख के मरीजों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है. सटीक इलाज के साथ ही उन्हें परेशानी से भी छुटकारा मिल जाएगी.

सदर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बीएस झा ने बताया कि सदर अस्पताल में मोतियाबिंद का ऑपरेशन शुरू होने से मरीजों को काफी सहूलियत होगी. उन्हें प्राइवेट हॉस्पिटल के चक्कर काटने के झंझट से छुटकारा मिल जाएगा. सरकारी अस्पताल में मरीजों के आंखों का इलाज किया जाएगा, तो उम्मीद है कि दोबारा जिले में कोई कांड नहीं होगा. साथ ही गरीब वर्ग के लोग लुटने से भी बच जाएंगे. इसे लेकर जो भी सामग्री की जरूरत थी, इसको मंगवा लिया गया है. अब चिकित्सक की कई टीम को भी लगाए जाने की कवायद की जा रही है. जल्द ही मेडिकल स्टाफ और चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति किए जाने के बाद यह अस्पताल भी कीर्तिमान स्थापित करेगा.

अस्पताल को कर दिया गया था सील
बता दें कि आंख के ऑपरेशन में गड़बड़ी किए जाने के कांड के बाद शहर में चार दिसंबर 2021 को मुजफ्फरपुर आई हॉस्पिटल के ऑपरेशन थियेटर और दवा दुकान को सील कर दिया गया था. उस समय आई हॉस्पिटल के ऑपरेशन थियेटर में हुए संक्रमण के कारण कई लोगों की आंखों की रोशनी चली गई थी. इस घटना के बाद सरकार की नींद खुली. अब सदर अस्पताल में ही जल्द मोतियाबिंद का ऑपरेशन शुरू होगा.








.