राजद के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधान पार्षद गणेश भारती ने पार्टी छोड़ दी है। मंगलवार देर रात उन्होंने इस संबंध में अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट जारी किया। उन्होंने आज की नामांकन सभा में नजरअंदाज किए जाने को नोनिया समाज का अपमान बताया। विदित हो कि गणेश भारती जदयू (JDU) से राजद (RJD) में आए थे। लोकसभा चुनाव के तीसरे और चौथे चरण के लिए उन्हें राजद का स्टार प्रचारक भी बनाया गया था।
राजद प्रत्याशी की नामांकन सभा में शामिल हुए भाजपा कार्यकर्ता
वैशाली लोकसभा सीट से राजद उम्मीदवार विजय कुमार शुक्ला उर्फ मुन्ना शुक्ला की नामांकन सभा में जिला भाजपा के भी नेता शामिल हुए। जिला भाजपा के दो नेताओं की तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रही है। इसमें वे प्रत्याशी के छोटे भाई एवं पूर्व डिप्टी मेयर मान मर्दन शुक्ला के साथ दिख रहे हैं। वहीं, अविनाश तिरंगा ने मिस्ड कॉल पर ली गई भाजपा की प्राथमिक सदस्यता छोड़ दी है। मुजफ्फरपुर की दोनों संसदीय सीटों के लिए नामांकन जारी है। वैशाली लोकसभा सीट के लिए मंगलवार को राजद प्रत्याशी विजय कुमार शुक्ला उर्फ मुन्ना शुक्ला ने नामांकन दाखिल किया। वहीं, मुजफ्फरपुर लोकसभा सीट के लिए कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में अजय निषाद ने भी नामांकन किया।

इनके नामांकन को लेकर मुजफ्फरपुर क्लब में आईएनडीआई गठबंधन की सभा हुई। इसमें राजद नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, वीआइपी प्रमुख मुकेश सहनी, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह, जिले के राजद एवं कांग्रेस विधायक एवं विधान पार्षद समेत कई वरीय नेता शामिल हुए।







