मुजफ्फरपुर के मुशहरी प्रखंड के रोहुआ गांव स्थित राजकीयकृत श्री विश्राम सिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय में बूथ संख्या 101, 102 और 103 में भी महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से ज्यादा दिखी।
यहां इन तीनों बूथों को मिलाकर कुल 3375 मतदाता हैं। आपको बता दें कि दोपहर डेढ़ बजे तक लगभग 45% मतदान हो चुका था और आगे भी जारी है। साथ ही नरसिंहपुर के उत्क्रमित मध्य विद्यालय में गिने चुने पुरुष मतदाता दिखे। यहां भी महिला मतदाताओं की गिनती ज्यादा रही।

लोकतंत्र के इस महापर्व में पहली बार मतदान करने पहुंचे युवक- युवतियों में काफी उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि उनके मतदान का उद्देश्य है देश का विकास , मंदिर के साथ-साथ शिक्षा, रोजगार, महंगाई पर अंकुश, गरीबों को भोजन समेत कई ऐसे मुद्दे हैं जिसपर सरकार को ध्यान देना। वहीं महिला मतदाता गीतांजलि ने देश के विकास हेतु महिलाओं को घरों से निकल कर मतदान करने की अपील की.





