बेगूसराय: आपने भी शादी विवाह, खेती किसानी या फिर किसी न किसी कार्यक्रम में हवा में उड़ान भरते ड्रोन तो देखा ही होगा. इस तकनीकी क्षेत्र में ड्रोन इंडस्ट्री ने तेजी से विकास किया है. यह आने वाले सालों में और भी तेजी से बढ़ने का अनुमान है. सीमित क्षेत्रों में उपयोग वाला ड्रोन अब मेडिकल क्षेत्र, सिनेमा इंडस्ट्री में अपना स्थान बनाते जा रही है, लेकिन इस काम को अंजाम देता है एक ड्रोन पायलट.

ड्रोन पायलट रिमोट के माध्यम से ड्रोन को उड़ाता है. अब ड्रोन उड़ाने की नौकरियां मिल रही हैं. नियोजन विभाग ने ड्रोन पायलट की भर्ती निकाली है. यह विभाग बिहार और उत्तर प्रदेश राज्यों में युवाओं को रोज़गार के अवसर प्रदान करेगी. विभाग के द्वारा नोटिस में कहा गया है कि 50 युवाओं को रोज़गार उपल्ब्ध कराएगी.

बेगूसराय जिला नियोजन पदाधिकारी राणा अमितेश ने बताया ड्रोन पायलट और को-पायलट के पोस्ट पर मैट्रिक या इंटर पास बेरोजगार अभ्यर्थियों को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा . इस जॉब कैंप में 18 साल से 30 साल तक के 50 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. चयनित अभ्यर्थियों को 8500 वेतन ट्रेनिंग के दौरान देगी. स्थायी नौकरी के बाद 11 हज़ार सैलरी के अलावा अन्य सारी सुविधाएं दी जाएगी. वर्क लोकेशन की बात करें तो उत्तर प्रदेश और बिहार रहेगा. ड्रोन पायलट भर्ती के लिए आवेदन की प्रक्रिया और इंटरव्यू 2 जुलाई को सुबह 10:00 से 4:00 बजे तक नियोजन कार्यालय में होगा.

नियोजन कार्यालय के वाईपी पंकज राजपूत ने बताया कि अगर आप भी इस जॉब कैंप में हिस्सा लेना चाहते हैं तो ये मेला जिला नियोजनालय के दफ्तर में लगेगा. बेगूसराय बस स्टैंड या रेलवे स्टेशन से पन्हास चौक पहुंचने के लिए रिक्शा, ऑटो रिक्शा, बस या टैक्सी ले सकते हैं.पन्हास चौक पहुंचने के बाद वीर कुंवर सिंह प्रतिमा के पूर्व दिशा में आईटीआई कैंपस है. इसी कैंपस में संयुक्त श्रम भवन है जिसमें जिला नियोजनालय का दफ्तर है.







