केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने लोकसभा चुनाव 2024 में विपक्ष पर गलत नैरेटिव सेट करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने साम दाम दंड भेद के तहत किसी भी तरह एनडीए के प्रत्याशियों को हराने में अपनी पूरी ताकत लगा दी थी। उत्तर प्रदेश में इसका असर भी हुआ। लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास (एलजेपी-आर) के मुखिया चिराग ने कहा कि चुनाव के दौरान विपक्षी पार्टियों ने कभी संविधान तो कभी लोकतंत्र तो कभी आरक्षण को लेकर झूठी अफवाहें फैलाने का काम किया।

लोजपा रामविलास ने शनिवार को पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में अपने पांचों नवनिर्वाचित सांसदों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया। इसमें पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान ने संबोधित करते हुए कहा कि विपक्षी पार्टियों ने जीत के लिए लोकसभा चुनाव में हर अस्त्र अपनाए। ऐसा नहीं है कि कोई उनकी बातों में नहीं गया, कई ऐसी जगहें हैं, जहां उनकी बातों का असर भी हुआ। इसी कारण यूपी जैसे राज्य में एनडीए को जैसी अपेक्षा थी वहां वैसा प्रदर्शन नहीं हो सका।

चिराग पासवान ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में शानदार सफलता हासिल की है। उन्होंने मोदी और नीतीश को इसके लिए बधाई भी दी। चिराग ने स्पष्ट कि 2025 का बिहार विधानसभा चुनाव एनडीए के सभी घटक दल साथ मिलकर लड़ेंगे। उन्होंने आगामी बिहार चुनाव में एनडीए की बड़ी जीत का दावा भी किया।

बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 में बिहार में एनडीए ने 40 में से 30 सीटों पर जीत हासिल की। इनमें लोजपा रामविलास ने एनडीए के तहत 5 सीटों पर चुनाव लड़ा और सभी पर जीत हासिल की। चिराग पासवान खुद हाजीपुर से सांसद चुने गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेहतरीन प्रदर्शन के लिए चिराग को शाबाशी दी और केंद्रीय कैबिनेट में जगह भी मिली।







