पटना: पटना से दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों को अब जल्द ही अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात मिलने वाली है. इस सुपरफास्ट ट्रेन से अब मात्र 12 घण्टे में यात्री पटना से दिल्ली पहुंच सकते हैं. साथ ही 130 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से यह ट्रेन पटरियों पर दहाड़ते हुए चलती है. इसके परिचालन के लिए रैक का डिमांड किया गया है. इसी साल लोग अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का आनंद उठा सकेंगे. हालांकि 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली ट्रेनों की लिस्ट में राजधानी एक्सप्रेस, सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन शामिल है. लेकिन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन बाकियों से बिल्कुल अलग है.

यह है ट्रेन की खासियत
पटना से दिल्ली के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस में जनरल क्लास और सेकंड क्लास में बदलाव किया गया है. यह ट्रेन 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी. अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे. ट्रेन में दिव्यांगों की सुविधाओं का ख्याल रखा है. लगेज रैंक पर भी कुशन लगाए जाएंगे. सामान्य ट्रेनों के मुकाबले इस ट्रेन की सीटों को आरामदायक बनाया गया है. अमृत भारत एक्सप्रेस देखने में मेट्रो जैसी होगी, लोग एक डिब्बे से दूसरे डिब्बे में आ जा सकेंगे. इस ट्रेन में हर सीट के पास चार्जिंग पॉइंट होगा. ट्रेन में सीसीटीवी कैमरे, बायो-वैक्यूम वॉशरूम, सेंसर नल, एलईडी लाइट और यात्रियों की जानकारी के लिए सूचना बोर्ड भी होगा.

रंग भी आकर्षक
अमृत भारत एक्सप्रेस गैर एसी स्लीपर अनारक्षित श्रेणी की ट्रेन है. इसे कम लागत और लंबी दूरी की सर्विस के लिए डिजाइन किया गया है. इसके अलावा यह नारंगी और ग्रे रंगों के आकर्षक कलर में नजर आएगी. इनमें अनारक्षित यात्रियों के लिए आठ कोच सामान्य सेकंड क्लास के होंगे. सेकंड क्लास 3 टीयर स्लीपर के 12 कोच और दो गार्ड कंपार्टमेंट शामिल हैं. भारतीय रेलवे ने 2024-25 में अमृत भारत के लिए 2605 जनरल कोच और 1470 स्लीपर कोच तैयार करने का लक्ष्य रखा है. यह ट्रेन एसी नहीं होगी, लेकिन सारी सुविधाएं वंदे भारत जैसी ही होगी. नतीजन अमृत भारत का किराया सामान्य एक्सप्रेस ट्रेनों से 15 से 17 फीसदी अधिक होने के आसार हैं.




