पटनाः बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने रुपौली विधानसभा उपचुनाव में धांधली के विपक्ष के आरोपों पर पलटवार किया है. श्रवण कुमार ने कहा कि रिजल्ट आने से पहले ही विपक्ष को हार का डर सताने लगा है इसलिए उन्होंने सरकार पर अनाप-शनाप आरोप लगाना शुरू कर दिया है.

हताश-निराश और पस्त हो चुका है विपक्ष
श्रवण कुमार ने कहा कि “रुपौली की जनता ने NDA को पसंद किया है, NDA के उम्मीदवार कलाधर मंडल को पसंद किया है. विकास को पसंद किया है, अमन और शांति को पसंद किया है और NDA के उम्मीदवार के पक्ष में मतदान हुआ है. 13 तारीख को जब रिजल्ट आएगा तो NDA उम्मीदवार कलाधर मंडल जीतेंगे.”

बिहार की जनता की मांग है विशेष राज्य का दर्जा
बिहार को विशेष राज्य के दर्जे की मांग को लेकर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि “लंबे अरसे से विशेष राज्य के दर्जे की मांग रही है और ये सिर्फ सत्तापक्ष की मांग नहीं है बल्कि बिहार की जनता की मांग है. इसको लेकर बिहार के दोनों सदनों से प्रस्ताव भी पास कर केंद्र को भेजा गया था लेकिन तत्कालीन UPA सरकार ने इसे नजरअंदाज किया था.”

10 जुलाई को रुपौली में हुआ मतदान
बता दें कि 10 जुलाई, बुधवार को रुपौली विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान हुआ. इस दौरान कुछ जगहों पर हिंसक झड़प की खबरें भी आईं. जिसको लेकर आरजेडी कैंडिडेट बीमा भारती ने सरकार को निशाने पर लिया था और आरोप लगाया था कि सरकार ने जान बूझकर मतदान को प्रभावित करने की कोशिश की.


