शादी में शामिल होने रवाना हुए लालू परिवार पर पीके का तंज: ‘नेताजी का बेटा हेलिकॉप्टर पर घूमेगा, और…’

पटना: जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर सहरसा के सोनबरसा ब्लॉक में पहुंचे। जहां उन्होंने लालू परिवार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव अपने पूरे परिवार के साथ अनंत अंबानी की शादी में शामिल होने चार्टर्ड प्लेन से मुंबई रवाना हुए हैं। नेताजी का बेटा हेलिकॉप्टर पर घूमेगा, और आपके लड़के के पैर में चप्पल भी नसीब नहीं हो रहा है। ये है आपके गलत वोट की निशानी है। रास्ते में गांव के अगर 100 बच्चे दिखे, तो आधे से ज्यादा बच्चों के शरीर पर शुद्ध कपड़ा नहीं है। आपके जितने छोटे बच्चे यहां घूम रहे हैं, देख लीजिए ज्यादातर बच्चों के पैर में हवाई चप्पल भी नहीं है। ये आपके बच्चे हैं, जिसके शरीर पर कपड़ा नहीं, पेट में खाना नहीं, पढ़ाई के लिए स्कूल-किताब नहीं।

लोग कहते हैं कि हम इतने गरीब हैं कि अपने बच्चों की चिंता कैसे करें? लेकिन कल वोट देने जाइएगा तो अपने इसी बच्चे का चेहरा याद नहीं रहेगा, नेताजी का चेहरा याद रहेगा। वोट जिसे देना है दीजिए, लेकिन एक बार मेरी सलाह जरूर मानिए। वोट देते समय सिर्फ और सिर्फ अपने बच्चों का चेहरा याद रखिए, अपने बच्चों के लिए वोट दीजिए। जाति के नाम पर, विचारधारा के नाम पर,  हिंदू-मुसलमान बनकर, लालू का, नीतीश का और मोदी का चेहरा देखकर वोट न दें। अगली बार वोट अपने बच्चों का चेहरा देखकर दें।

अपने बच्चों का चेहरा देखकर वोट देने से क्या होगा?

प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि आपने मोदी का चेहरा देखकर वोट दिया, तो चाय बेचने वाले मोदी देश के राजा हो गए। आपने लालू जी का चेहरा देखकर वोट दिया, तो भैंस चराने वाले लालू जी बिहार के राजा हो गए। आपके वोट में इतनी ताकत है, जिसे चाहे उसे राजा बना दें। तो एक बार लालू, नीतीश, मोदी, प्रशांत किशोर का चेहरा भूल जाइये। इस बार अपने बच्चों के लिए वोट दीजिए।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.