विशेष राज्य के दर्जे के सवाल पर सीएम का जवाब, कहा- ‘सब कुछ धीरे-धीरे जानिएगा’

पटनाः बिहार को विशेष राज्य का दर्जा पर केंद्र सरकार के जवाब से बिहार में सियासत तेज हो गई है. मंगलवार को बिहार विधानसभा मानसून सत्र के दौरान इसको लेकर विपक्ष ने हंगामा किया. सीएम नीतीश कुमार मानसून सत्र के दौरान बिहार विधानसभा पहुंचे. इस दौरान मीडिया ने इसको लेकर सवाल किया तो उन्होंने साफ-साफ कहा कि सब कुछ धीरे-धीरे जानिएगा. वहीं दूसरी ओर विपक्ष केंद्र सरकार के जवाब को मानने के लिए तैयार नहीं है. विधानसभा के बाहर जमकर नारेबाजी की.

‘विशेष राज्य का दर्जा नहीं मिला दुर्भाग्यपूर्ण’: भाकपा माले विधायक सत्येंद्र यादव ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार है. नीतीश कुमार भी उनके साथ हैं. सीएम नीतीश कुमार ही बिहार के लिए विशेष राज्य का दर्जा की मांग करते रहे हैं और उन्हीं की सरकार ने ऐसा करने से मना कर दिया. माले विधायक ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया. इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बिहार को झुनझुना थमाने का काम किया है.

बीजेपी से समर्थन वापस लें नीतीश कुमार’: विधानसभा के बाहर प्रदर्शन कर रहे सीपीआईएम विधायक अजय कुमार ने कहा कि नीतीश जी ने बिहार की जनता को विशेष राज्य का दर्जा मिलने का आश्वासन दिया था. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जी का वादा कहां गया इसके बारे में उन्हें बताना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर नीतीश जी की बात केंद्र सरकार नहीं मान रही है तो उन्हें केंद्र सरकार से समर्थन वापस ले लेना चाहिए.

झुनझुना लेकर पहुंचे विपक्षः दूसरी ओर कांग्रेस विधायक शकील अहमद खान ने कहा कि आज बच्चों के खेलने वाला झुनझुना लेकर सदन में पहुंचेंगे. शकील अहमद खान ने कहा कि बिहार को विशेष राज्य के दर्जे के मामले में केंद्र सरकार ने बिहार सरकार को झुनझुना थमा दिया है. यही कारण है कि वह आज सदन में सत्ताधारी दल को झुनझुना देंगे. इस दौरान उन्होंने नीतीश सरकार पर जमकर निशाना साधा.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading