वीआईपी चीफ के एनडीए में शामिल होने के सवाल पर बोले BJP नेता प्रेम कुमार, ‘मुकेश सहनी का स्वागत है..’

पटना: विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष मुकेश सहनी ने जब से एक्स हैंडल पर अपनी डीपी बदली है, तब से उनके इंडिया गठबंधन छोड़ने और एनडीए में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई है. बीजेपी के नेता भी उनका स्वागत करने के लिए बेकरार दिख रहे हैं. मंत्री प्रेम कुमार ने कहा कि जैसी परिस्थिति बनती दिख रही है, उससे लगता है कि मुकेश सहनी जल्द ही एनडीए में वापस आ जाएंगे.

‘मुकेश सहनी का एनडीए में स्वागत करेंगे’

बीजेपी नेता सह मंत्री प्रेम कुमार ने मुकेश सहनी से अपील की है कि वह एनडीए के साथ आ जाएं और बिहार के विकास के लिए मिलकर काम करें. उन्होंने कहा कि अगर वह हमलोगों के साथ आएंगे तो उनका हमलोग जरूर स्वागत करेंगे. हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि लोकतंत्र में फैसला लेने का सभी को अधिकार है, लिहाजा एनडीए में आने का निर्णय उनको करना है.

तेजस्वी यादव पर साधा निशाना

वहीं, बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाने और प्रस्तावित यात्रा को लेकर मंत्री प्रेम कुमार ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि तेजस्वी राष्ट्रीय जनता दल के शासनकाल की चर्चा क्यों नहीं करते हैं, उन्हें सिर्फ अभी का बिहार याद आता है.

 किस तरह से मुख्यमंत्री आवास से अपराधी लोगों से रंगदारी मांगते थे, इन घटनाओं का भी जिक्र उन लोगों के बीच जाकर करना चाहिए था या फिर उन घटनाओं को लेकर उन्हें लोगों से माफी मांगनी चाहिए थी. बीजेपी नेता ने कहा कि वह कितनी भी यात्रा निकाल लें लेकिन उनको कोई फायदा नहीं होने वाला है, क्योंकि जनता आरजेडी की असलियत जानती है.

कोलकाता रेप-मर्डर को बताया दुखद

वहीं, कोलकाता में लेडी डॉक्टर की रेप और हत्या की घटना को मंत्री प्रेम कुमार ने बेहद दुखद बताया है. उन्होंने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि बंगाल में जो कुछ हुआ है, उसके लिए ममता सरकार जिम्मेदार है. वहां कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है. महिलाओं के खिलाफ लगातार हिंसा की घटनाएं सामने आती रहती है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.