पटना: बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब का क्षेत्र कमजोर पड़ गया है और इसका प्रभाव बिहार पर पड़ना शुरू हो गया है. एक तरफ बारिश में कमी देखी जा रही है और मानसून के कमजोर पड़ जाने की बात मौसम विभाग बता रहा है. वहीं, कई शहरों में तापमान में वृद्धि देखी जा रही है. मुंगेर और सीतामढ़ी का तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. वहीं राज्य में अनुमान से कम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. विशेष चिंता बात यह है कि बारिश की कमी के बीच भी बिहार की नदियां लबालब हैं और कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात हैं.

बिहार में मानसून के कमजोर पड़ने के साथ ही इसका प्रभाव पिछले कई दिनों से दिख भी रहा है. बीते तीन चार दिनों से प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश नहीं हुई है और इस कारण अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो गई है. मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के किसी जिले में बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है. हालांकि, दक्षिण बिहार के कुछ इलाकों में छिटपुट वर्षा हो भी सकती है. वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, अगले 3 दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है.

इन जिलों में कल बारिश नहीं हुई, आज भी नहीं होगी
बता दें कि समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, भोजपुर, अरवल, जमुई, बांका, भागलपुर, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, कटिहार, पूर्णिया, बेगूसराय, खगड़िया, मधेपुरा, सहरसा, किशनगंज, अररिया, सुपौल, रोहतास, बक्सर, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में छिटपुट बारिश भी नहीं हुई है.

इन जिलों को आज भी व्हाइट जोन में रखा गया है यानी यहां बारिश के आसार नहीं हैं. बता दें कि बिहार के सीतामढ़ी, शिवहर, कटिहार, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण, दरभंगा, भभुआ, बेगूसराय, बांका, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, सहरसा, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, मुंगेर, मधुबनी और मधेपुरा में इस मानसून सीजन में सामान्य से कम बारिश हुई है.

मानसून सीजन में बारिश में कमी ने बढ़ाई चिंता
बिहार में जून से अगस्त तक नॉर्मल बारिश 762.4 मिली मीटर हो जानी चाहिए थी, लेकिन अभी तक केवल 575.7 मिली मीटर बारिश ही हो पाई है. इसका अर्थ यह कि सामान्य से 25% लगभग कम बारिश हुई है. बता दें कि मानसून सीजन में जून से सितंबर के बीच 992.2 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए और इस वर्ष 108% बारिश का अनुमान है. लेकिन, अब तक जो रुझान रहा है उसे बारिश में थोड़ी कमी हो सकती है. गौरतलब है कि मौसम विभाग 96 से 104% बारिश को सामान्य मानता है.

विभिन्न जिलों के तापमान में बढ़ोतरी, उमस भी बढ़ी
वहीं, बारिश में कमी के साथ ही बिहार के कई शहरों में तापमान में बढ़ोतरी हो गई है. प्रमुख शहरों के तापमान पर नजर डालें तो मुंगेर में 39.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. वहीं, सीतामढ़ी में 39.4 डिग्री सेल्सियस, अरवल और बेगूसराय में 36.8 डिग्री, सिवान में 36.1 डिग्री, पटना में 35.9 डिग्री, बांका में 35.5 डिग्री, वैशाली में 35 डिग्री, भागलपुर, समस्तीपुर और किशनगंज में 34.5 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 33.6 डिग्री और गया में 34.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.