पटनाः बिहार में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध को देखते हुए बिहार पुलिस ने नई पहल की शुरुआत की है. अब बिहार की सड़कों पर अकेले यात्रा करने वाली महिलाओं की सुरक्षा में अब पुलिस 24 घंटे तैनात रहेगी. अकेले सफर कर रही महिलाएं अब अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सिर्फ एक कॉल से पुलिस को उनके ऊपर निगरानी रखने को कह सकती हैं.

दरअसल, त्योहारों का मौसम नजदीक आ गया है. ऐसे में महिलाओं का अपने रिश्तेदार, ससुराल व मायके आना-जाना लगा रहेगा. इस दौरान उनकी सुरक्षा की लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है. पुलिस की यह मॉनिटरिंग सिस्टम महिला यात्री की गतिविधियों को शुरू से अंत तक फिजिकली और डिजिटल दोनों तरह से ट्रैक करने में मदद करेगी.

इन 6 जिलों में होगी पहल की शुरुआत
पुलिस के अनुसार, “सुरक्षित यात्रा” पहल टेलीफोन नंबर 112 के तहत राज्य पुलिस की आपातकालीन सेवाओं का हिस्सा होगी. महिलाओं को अपनी यात्रा की निगरानी के लिए पुलिस से संपर्क करने के लिए बस यह नंबर डायल करना होगा. बता दें कि ऐसा करने वाला बिहार तीसरा राज्य होगा. इसके पहले तेलंगाना और हरियाणा में यह मॉनिटरिंग सिस्टम पहले से लागू है. इस पहल की शुरुआत सबसे पहले बिहार के 6 जिलों में होगी. जिसमें पटना, गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, बेगुसराय और नालंदा शामिल है.

5 सितंबर से शुरू होगी यह पहल
यह एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में 5 सितंबर को शुरू होगी और अंततः 15 सितंबर से सभी 38 जिलों में विस्तारित की जाएगी. बिहार के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (तकनीकी और वायरलेस) निर्मल कुमार आजाद ने संवाददाताओं से कहा, “हमने देखा है कि डायल 112 की हमारी आपातकालीन सेवा के तहत कॉल करने वालों में 25 प्रतिशत महिलाएं हैं.” उन्होंने कहा कि सुरक्षित यात्रा पहल चौबीसों घंटे उपलब्ध होगी.

वाहनों का डिटेल रखेगी पुलिस
पुलिस के अनुसार, इस पहल का तात्कालिक कारण 9 से 13 अक्टूबर तक दुर्गा पूजा के साथ शुरू होने वाले त्योहारी सीजन की शुरुआत है. आज़ाद के अनुसार, एक पुलिस टीम उस वाहन का डिटेल लेगी जिसमें महिला कॉल करने वाली यात्रा कर रही होगी और उसकी पूरी यात्रा के दौरान उसका पता लगाएगी. महिला अपनी लाइव लोकेशन भी पुलिस के साथ शेयर कर सकती है.
