मानसून की सक्रियता में कमी आने के कारण प्रदेश के विभिन्न भागों में भारी वर्षा में कमी देखी जा रही है। राजधानी समेत प्रदेश के दक्षिणी भागों में बादलों की आवाजाही बने होने के कारण मौसम सामान्य बना रहेगा।

बिहार के 4 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट
जबकि, उत्तरी भागों के चार जिलों के किशनगंज, सुपौल, अररिया और पश्चिम चंपारण के एक या दो स्थानों पर गरज-तड़क के साथ भारी वर्षा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। दो दिनों के दौरान तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है।

सितंबर में 20 दिन तक मानसून रहेगा सक्रिय
सितंबर में 20 दिन तक मानसून के सक्रिय रहने की संभावना है। इस दौरान 178 से 200 मिमी वर्षा के आसार है। राज्य के लिए सितंबर में सामान्य वर्षा का आंकड़ा 216.5 मिमी है। बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के कारण आर्द्रता भी 80-95 के बीच रहेगी। इस दौरान कड़ी धूप और हवा की सुस्त रफ्तार से उमस भरी गर्मी का एहसास होगा।

सितंबर में कम होगी बारिश
21-22 सितंबर से प्रदेश में मानसून लौटने लगेगा। सितंबर में प्रदेश के अधिसंख्य हिस्सों में सामान्य से कम और दक्षिणी भागों में सामान्य वर्षा के आसार है। अधिकतम तापमान भी 36-40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अलग-अलग भागों में छिटपुट वर्षा दर्ज की गई। वैशाली के भगवानपुर में 25.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

इन जिलों में नहीं बढ़े तापमान
मंगलवार को पटना व आसपास इलाकों में दिन में कड़ी धूप निकलने के कारण लोग परेशान रहे। शाम में बादलों की आवाजाही बने होने से मौसम सामान्य बना रहा। मंगलवार को मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज व भागलपुर को छोड़ कर पटना सहित शेष जिलों के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। राजधानी के अधिकतम तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि 40.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सीतामढ़ी (पुपरी में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
इन जगहों पर दर्ज हुई वर्षा
मुजफ्फरपुर के सरैया में 10.4 मिमी, वैशाली के चेराकला में 6.4 मिमी, भागलपुर के बीहपुर में 6.4 मिमी, बांका में 5.0 मिमी, सुपौल के राघोपुर में 4.6 मिमी, लखीसराय के बरहिया में 4.2 मिमी, सहरसा के खारा में 3.0 मिमी, वैशाली के लालगंज में 2.2 मिमी, भागलपुर के नाथनगर में 0.8 मिमी, सीतामढ़ी के पुपरी में 0.5 मिमी, लखीसराय में 0.2 मिमी एवं भागलपुर में 0.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई।