पटना: राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा आज से बिहार चुनाव की तैयारियों की अनौपचारिक शुरुआत करेंगे. बिहार यात्रा के माध्यम से न केवल वह आम लोगों की समस्याओं को समझने का प्रयास करेंगे, बल्कि जनका की नब्ज भी टटोलने की कोशिश करेंगे. अपनी यात्रा की शुरुआत वह जगदेव बाबू की धरती कुर्था (अरवल) से करेंगे. इसके लिए वह पटना से अरवल के लिए निकल गए हैं.

29 तक चलेगा यात्रा का पहला चरण
पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा आज अरवल और औरंगाबाद में यात्रा करेंगे. इसके बाद 26 सितंबर को औरंगाबाद और रोहतास में रहेंगे. 27 सितंबर को वह रोहतास में यात्रा के बाद भोजपुर भी जाएंगे. वहींस 29 सितंबर को आरएलएम चीफ का कारवां सारण पहुंचेगा. उन्होंने बताया कि जल्द ही दूसरे चरण के कार्यक्रम की जानकारी साझा की जाएगी.

कॉलेजियम व्यवस्था के खिलाफ हल्ला बोल: उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि बिहार यात्रा के दौरान न केवल एनडीए के साथियों से मिलेंगे, बल्कि समाज के सभी तबकों से संपर्क स्थापित करेंगे. उन्होंने कहा कि सभी जिलों में जाकर गरीबों, शोषितों, वंचितों, दलितों-महादलितों और महिलाओं को न्याय दिलाने में बाधक कॉलेजियम व्यवस्था के खात्मे के लिए अभियान छेड़ेंगे.
