मधुबनी: नेपाल जल अधिग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से मधुबनी व कोसी के जलस्तर में वृद्धि हुई है। जिससे मधेपुर प्रखंड के कोसी दियारा इलाके के गढ़गांव पंचायत के दर्जनों गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। जिस कारण लोग घर खाली कर ऊंचे स्थानों पर नाव से जा रहे हैं।

प्रशासन द्वारा ऊंचे स्थानों पर स्कूलों में आश्रय स्थल बनाया गया है। बाढ़ पीड़ितों का कहना है कि घर मे पानी चले जाने के कारण सारा सामान बर्बाद हो गया है। ऐसे में खाने पीने का भी समान तक नहीं बचा है। साथ ही जलस्तर भी लगातार बढ़ता ही जा रहा है। बता दें कि प्रशासन द्वारा आश्रय स्थल पर सामुदायिक किचेन की व्यवस्था की गई है।

डीएम अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कोसी बैराज से 5 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। जिससे मधेपुर प्रखंड के निचले इलाकों में पानी प्रवेश कर गया है। लोगों को घर खाली कर आश्रय स्थलों पर जाने के लिए अपील की गई है। प्रशासन के द्वारा 25 नावों और दो मोटरबोट को तैनाती की गई है।

एसडीआरएफ की दो टीम को भी बाढ़ प्रभावित इलाकों में भेजा गया है।प्रशासन और सिंचाई विभाग के अधिकारी लगातार इलाके में जाकर जायजा ले रहे हैं। कंट्रोल रूम का फोन नंबर और टोल फ्री नंबर जारी किया गया है ताकि परेशानी को लेकर लोग फोन कर सके और उन्हें त्वरित सुविधाएं मुहैया करायी जा सके।


