भाजपा के सदस्यता अभियान का दूसरा चरण शुरू, पार्टी ने की समीक्षा बैठक

मुजफ्फरपुर : संगठन पर्व के तहत चल रहे सदस्यता अभियान- 2024 के निमित जिलाध्यक्ष रंजन कुमार के अध्यक्षता में जिला भाजपा की समीक्षा बैठक की गई। बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश सह क्षेत्रीय प्रभारी आशुतोष सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष रविंद्र प्रसाद सिंह, जिला उपाध्यक्ष सह सदस्यता प्रभारी उपेंद्र पासवान, महामंत्री सचिन कुमार, एवं धर्मेंद्र साहू ने स्थानीय द पार्क के सभागार में सर्व प्रथम आज गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री के जयंती के अवसर पर उनके तैलीय चित्र पर माला एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।  साथ ही सदस्यता अभियान पर समीक्षा कर आगे 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक चलने वाले फेज 2 के अभियान को लेकर कार्य योजना बनाई।

समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष रंजन कुमार ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत कर रहे हैं और उनकी अथक मेहनत एवं जनता के उत्साह का परिणाम है कि बिहार प्रदेश में मुजफ्फरपुर आज सदस्यता अभियान में पटना के बाद दूसरे स्थान पर है; यहां लोग भारी संख्या में सदस्यता अभियान का हिस्सा बन रहे हैं।

 

उन्होंने आगे कहा कि यह अभियान हमारी पार्टी को मजबूत करने के साथ समाज में सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस प्रयास से भाजपा की सदस्य संख्या में भारी वृद्धि होगी तथा पार्टी का जनाधार और बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का सदस्यता अभियान सफल हो रहा है।

भाजपा ने सदैव जनसाधारण को अपने साथ जोड़ने का प्रयास किया है और यह सदस्यता अभियान फिर साबित कर रहा है कि पार्टी स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं और आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशील है। जिला अध्यक्ष ने कहा कि अब तक 1.5 लाख नए सदस्य ऑनलाइन जोड़े जा चुके हैं। हमारा लक्ष्य इस अभियान को और तेज करना है, ताकि अधिक से अधिक लोग भाजपा से जुड़ सकें। भाजपा पहले से ही भारत की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और हम इसे और व्यापक बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण में सार्वजनिक स्थानों पर कैंप लगा ग्रुुप सदस्यता के माध्यम से समूह में लोगों को पार्टी से जोड़ना है। इसके लिए चौराहों, नुक्कड़ों, कॉलेज परिसरों सहित सभी सार्वजनिक स्थानों पर कैंप लगाए जाएंगे।

साथ ही शिक्षक, चिकित्सक, खिलाड़ी, अधिवक्ता, गीतकार, संगीतकार, साहित्यकार, चित्रकार, इंजीनियर सहित विभिन्न वर्गों के प्रबुद्धजनों को भाजपा का सदस्य बनाना है। उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर तक कम सदस्यता वाले सभी बूथों पर भी सदस्यता अभियान चलाकर लोगों को भाजपा से जोड़ा जाएगा।अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रदेश ने सांसदों को 20-20 हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है। वहीं जिलाध्यक्षों को 15-15 हजार, विधायकों को 10-10 हजार व मंडल अध्यक्षों को 5- 5 हजार तथा जिला पदाधिकारी को 500-500 एवं मंडल पदाधिकारियों को 200-200 सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है साथ ही जिला को 3000 सक्रिय सदस्य बनाने का भी लक्ष्य है।

वहीं प्रदेश भाजपा के सह क्षेत्रीय प्रभारी आशुतोष सिंह ने सदस्यता अभियान की समीक्षा बैठक में कहा कि सदस्यता बढ़ाना पार्टी की मजबूती के लिए आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर सदस्यता अभियान..को संगठन पर्व के रूप में लेने को कहा। हम जितना अधिक से अधिक सदस्य बनाएंगे, उतना ही भाजपा मजबूत होगी और आगामी विधान सभा चुनाव में जीत सुनिश्चित होगी। समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता बूथ से लेकर जिला स्तर एकजुट होकर सदस्यता को बढ़ाने में लग जाएं। मुजफ्फरपुर में हमने लोकसभा चुनाव जीता है, आगे 11हों विधानसभा भी जीतना है।

इसके लिए सदस्यता बढ़ाना ही मूल काम है। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान में लगकर सदस्य बनाना मतलब भारत को विकसित होने में सहयोग करना है। सभी मंडल अध्यक्ष, मंडल सदस्यता प्रभारी, मंडल प्रभारी आपस में मिलकर इस अभियान को पूरा करें। साथ ही सदस्यता का जो लक्ष्य मंडल को दिया गया है, उसमें और मेहनत करने की जरूरत है। कार्यक्रम का मंच संचालन जिला महामंत्री सचिन कुमार एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला मंत्री धनंजय झा ने किया।

मौके पर उपाध्यक्ष विशेश्वर शंभू , अंकज कुमार, मंत्री गीता कुमारी,समिता शर्मा, मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, डॉ साकेत शुभम्, प्रवक्ता सत्यप्रकाश भारद्वाज, मनोज कुमार पिंटू, रवि रंजन शुक्ला, आलोक राजा, युवा मोर्चा अध्यक्ष भारत रत्न यादव, पिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष विकाश गुप्ता,

अल्पसंख्यक अध्यक्ष सैयद नज़फ हुसैन, अनु० मोर्चा अध्यक्ष फेकू राम, डॉ रागिनी रानी, महिला मोर्चा महामंत्री कुमारी ममता, गुड़िया मेहता, शांतनु शेखर,मंडल अध्यक्ष धीरज सिंह, नंद किशोर ठाकुर, आनंद सिंह, अनिल गुप्ता, आदि मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading