एसपी के औचक निरीक्षण में गश्ती दल की पोल खुली, कई सिपाहियों का वेतन काटा तो कुछ का रोका

वैशाली जिले में पुलिस अधीक्षक हर किशोर राय ने सोमवार मध्यरात्रि अचानक रात्रि गश्ती का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई थानों की गश्ती व्यवस्था की हकीकत सामने आई। एसपी ने डायल 112 और थाना गश्ती दल का निरीक्षण करते हुए पुलिस कर्मियों को सतर्कता बरतने और ड्यूटी पर मुस्तैद रहने का निर्देश दिया।

कई पुलिसकर्मी सोते पाए गए
निरीक्षण के दौरान नगर थाना और औद्योगिक क्षेत्र थाना के गश्ती दल में बड़ी लापरवाही सामने आई। नगर थाना के एएसआई विनोद कुमार और औद्योगिक थाना के एएसआई बिंदु प्रसाद गश्ती के दौरान सोते हुए पाए गए। ड्यूटी से गैरहाजिर सिपाही शिव शंकर कुमार और चालक कौशल कुमार समेत पांच अन्य सिपाही भी सोते हुए पाए गए। इसके बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत सोते पाए गए सिपाहियों का एक दिन का वेतन कटौती का निर्देश दिया गया। साथ ही ड्यूटी से गैरहाजिर सिपाहियों का पूरा वेतन रोका गया।

सजग सिपाहियों को मिला इनाम
वहीं, इस दौरान एसपी ने दो मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग पर तैनात सिपाहियों की सतर्कता और मुस्तैदी की सराहना की। उन्हें रात्रि ड्यूटी में बेहतर प्रदर्शन के लिए पुरस्कार देने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने नगर थाना, सदर थाना और औद्योगिक थाना क्षेत्र के गश्ती दल की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि अपराध नियंत्रण के लिए सतर्कता बरतें, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों को रोककर पूछताछ करें। साथ ही उन्होंने गश्ती दल को चुस्त-दुरुस्त और भ्रमणशील रहकर रात्रि ड्यूटी निभाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


रात्रि गश्ती के महत्व पर बल
एसपी हर किशोर राय ने बताया कि अपराध नियंत्रण के लिए रात्रि गश्ती बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को न केवल सजग रहने, बल्कि आम जनता के बीच सुरक्षा की भावना को बढ़ाने के लिए सक्रिय गश्ती करने का निर्देश दिया।


पुलिसकर्मियों में हड़कंप
एसपी के औचक निरीक्षण और कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। लापरवाह पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई को लेकर विभाग में चर्चा जोरों पर है। वहीं, एसपी ने स्पष्ट कर दिया है कि ड्यूटी में कोताही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading