उत्तर भारत में हो रही भारी बारिश से 41 की मौत; हिमाचल में आईआईटी के 35 छात्र लापता

पांच राज्यों में 41 की मौत; हिमाचल में आईआईटी के 35 छात्र लापता
उत्तर भारत के पांच राज्यों- पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में शनिवार से भारी बारिश हो रही है। इससे हुए हादसों में पांचों राज्यों में 41 लोगों की मौत हो गई। हिमाचल में आईआईटी के 35 छात्र लापता हैं। वहीं, राज्य में अलग-अलग स्थानों पर 1600 लोग फंसे हुए हैं। पांचों राज्यों में तीन दिन में पूरे मानसून की 19% बारिश हो चुकी है। चंडीगढ़ में इस मानसून में 103 सेंटीमीटर बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 201 मिमी ज्यादा है।

22 तारीख से नहीं हुआ संपर्क

आईआईटी के लापता छात्रों से 22 तारीख से संपर्क नहीं हो पाया है। इनमें से एक के पिता राजवीर सिंह ने न्यूज एजेंसी को बताया कि छात्रों का ग्रुप ट्रैकिंग के लिए लाहौल-स्पीति के हम्प्टा पास गया था और शायद उन्हें मनाली के लिए वापसी करना था। इस इलाके में भारी बर्फबारी हुई है।

सबसे ज्यादा मौतें पंजाब में

पंजाब में 11, हिमाचल, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में 8-8 और उत्तराखंड में छह मौतों की पुष्टि हो चुकी है। हिमाचल में 1600 लोग अलग-अलग जगहों पर फंसे हुए हैं। चंबा में 816 बच्चों समेत 1200 लोग फंसे हैं। इसी तरह लाहौल-स्पीति में 350 से ज्यादा लोग फंसे हुए हैं।

हिमाचल में नदियों का जलस्तर बढ़ने और लैंडस्लाइडिंग की वजह से कुल्लू-मनाली नेशनल हाईवे समेत 378 सड़कें टूट गई हैं। राज्य में सभी एडवेंचरस स्पोर्ट्स एक्टिविटी बंद कर दी गई हैं। हमीरपुर, कांगड़ा और कुल्ली में मंगलवार को भी स्कूलों की छुट्टी रखी गई है।

कुल्लू में फंसे 21 लोगो को एयरफोर्स ने रेस्क्यू किया है। कठुआ में भी 29 लोग बचाए गए। उत्तराखंड में चार धाम यात्रा रोक दी गई है। मंगलवार शाम तक बारिश थम सकती है। लैंडस्लाइडिंग की वजह से हिमाचल रोडवेज के 305 रूट प्रभावित हुए हैं।

हिमाचल में पिछले तीन दिन में कुल 128 मिमी बारिश हुई है, जो मॉनसून में हुई कुल बारिश 856.3 मिमी का 18% है। प्रदेश में 8 साल बाद ऐसा हुआ है जब बारिश ने 800 मिमी का आंकड़ा पार हुआ है। 2010 में 888.5 एमएम बारिश हुई थी।

चंडीगढ़ में 32 साल बाद सितंबर इतना ठंडा

पिछले तीन दिन से हो रही बारिश के बाद दिन का तापमान भी सामान्य से 10 डिग्री गिर गया। सोमवार को 32 साल बाद सितंबर महीने में दिन का अधिकतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले 23 सितंबर 1986 को तापमान 22.3 डिग्री दर्ज किया गया था, यह ऑल टाइम रिकॉर्ड रहा था।

पंजाब में बाढ़ जैसे हालात, आज स्कूल बंद

पंजाब में बारिश से कई इलाकों में बाढ़ से हालात हो गए हैं। राज्य सरकार ने इन हालात को देखकर अलर्ट जारी किया है। मंगलवार दोपहर तक बारिश जारी रहने के आसार हैं। इसलिए 25 सितंबर को सभी स्कूल-कॉलेज बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
लगातार बरसात के तीन कारण

पहला: हरियाणा के ऊपर हवा का लो प्रेशर बना। दूसरा: अपर एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बढ़ा। तीसरा: वेस्टर्न डिस्टरबेंस भी सक्रिय हो गया। तीनों कारकों के मिश्रण की वजह से लगातार बारिश हो रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading