पटना: मंगलवार को नीतीश कैबिनेट की बैठक में 136 एजेंडों पर मुहर लगी है. इसी बैठक में बजट सत्र के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है. 28 फरवरी से बिहार विधानमंडल का बजट सत्र शुरू होगा और 28 मार्च तक चलेगा. हालांकि मीडिया को इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है. कैबिनेट से स्वीकृति के बाद अब राज्यपाल से स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा. राज्यपाल से स्वीकृति मिलने के बाद ही इसका नोटिफिकेशन होगा.

3 मार्च को पेश होगा बिहार का बजट
जो जानकारी मिल रही है, उसके अनुसार 28 फरवरी को राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान दोनों सदनों को संयुक्त रूप से संबोधित करेंगे. वहीं, 3 मार्च को बिहार का बजट पेश हो सकता है. विधानसभा और विधान परिषद की तरफ से बजट सत्र को लेकर सरकार को पहले ही शेड्यूल भेजा गया है. उसी के बाद सरकार ने कैबिनेट में इस पर मुहर लगाई है.


22 दिनों तक चलेगा बजट सत्र
28 फरवरी से 28 मार्च तक चलने वाले सत्र में होली की छुट्टी भी रहेगी. 22 दिनों तक सदन की कार्यवाही चल सकती है. सरकार बजट सत्र में आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट भी पेश करेगी. साथ ही कई विधेयक भी पास करवाएगी. बिहार विधानसभा का चुनाव इसी साल होना है. ऐसे में चुनाव से पहले सरकार का यह आखिरी बजट सत्र होगा.

नीतीश कैबिनेट बैठक में 136 एजेंडों पर मुहर
आपको बताएं कि मंगलवार की शाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में बिहार कैबिनेट की बैठक हुई थी. जिसमें 136 एजेंडों की जानकारी अपर मुख्य सचिव एस सिद्धार्थ ने दी लेकिन उसमें विधान मंडल सत्र की चर्चा नहीं की.
