शंभू-मंटू का शूटर गोविंद हुआ अंडरग्राउंड

मुजफ्फरपुर/मोतिहारी.  मुजफ्फरपुर में जमीन के सौदे में मिठनपुरा के ही एक पुराने चर्चित प्रॉपर्टी डीलर के साथ सिंडिकेट बनाए सीपीडब्ल्यूडी के टेंडर वार के कुख्यात गिरोह शंभू-मंटू का शूटर गोविंद अंडरग्राउंड हो गया है। चर्चा है कि समीर पर एके-47 से गोली बरसाने में गोविंद शामिल था, जबकि सुजीत बाइक ड्राइव कर रहा था।

गिरोह के सरगना से मिठनपुरा के प्रॉपर्टी डीलर ने कल्याणी की जमीन का 3.21 करोड़ रुपए का एग्रीमेंट बनवाया था। लेकिन, पूरे रुपए नहीं मिलने पर जमीन मालकिन ने एग्रीमेंट कैंसिल कर दिया था। बताया जा रहा है कि सकरा के बिचौलिए के माध्यम से पूर्व मेयर समीर कुमार से जुड़े सिंडिकेट ने जमीन का सौदा कर लिया था। इसके बाद से पूर्व मेयर समीर कुमार निशाने पर आ गए थे। समीर कुमार की रेकी काफी दिनों से की जा रही थी। उनके दिल्ली जाने से पहले भी अपराधियों ने फील्डिंग की थी। लेकिन, कुछ कारणों से घटना टलती रही।

मोतिहारी में गिरफ्तार इनामी राकेश सिंह मामले में अहम कड़ी : मोतिहारी के चकिया में गिरफ्तार हुए कुख्यात राकेश सिंह समेत छह अपराधियों से पूर्व मेयर समीर कुमार हत्याकांड में मंगलवार की शाम नगर और मिठनपुरा थाने की पुलिस ने पूछताछ की। वह मिठनपुरा में पिछले साल 6 अप्रैल को एके-47 से ठेकेदार अतुल शाही की हत्याकांड में भी वांटेड था।

मिठनपुरा पुलिस ने मामले में उसके खिलाफ पिछले साल ही कोर्ट से वारंट लिया था। हालांकि इस वारंट को राकेश सिंह की गिरफ्तारी के लिए मोतिहारी पुलिस को मिठनपुरा से नहीं भेजा गया था। सूत्रों के अनुसार पूर्व मेयर समीर कुमार हत्याकांड में राकेश सिंह को अहम कड़ी माना जा रहा है।

पूर्व मेयर समीर कुमार हत्याकांड में गिरोह को चिह्नित कर लिया गया है। सीसीटीवी से पहचाने गए शूटर फरार हो गए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगी हुई है। कई जगहों पर छापेमारी चल रही है। मोतिहारी में गिरफ्तार राकेश सिंह से भी पूछताछ चल रही है। -हरप्रीत कौर, एसएसपी, मुजफ्फरपुर

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading