महाशिवरात्रि को लेकर बिहार पुलिस मुख्यालय ने जारी किया अलर्ट, DGP ने की यह अपील

पटना. बिहार समेत देशभर में 26 फरवरी यानि बुधवार को महाशिवरात्रि का त्योहार मनाया जाएगा. ऐसे में महाशिवरात्रि के त्योहार को लेकर बिहार पुलिस मुख्यालय ने अलर्ट जारी किया है. पटना समेत सभी जिलों के SP, SSP, रेंज DIG और IG को यह अलर्ट जारी किया गया है.

मुख्यालय ने सभी शिवालयों, मंदिरों और पूजा स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने का आदेश दिया है. साथ ही, इन स्थानों पर CCTV कैमरे से निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए हैं.

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को अतिरिक्त पुलिस बल मुहैया कराया है. मंदिरों, शिवालयों और पूजा स्थलों पर सुरक्षा के लिए सिविल में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है.

पुलिस मुख्यालय ने आमजनों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखने पर तुरंत मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी को सूचना दें. साथ ही, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की सलाह दी है.

DGP ने बिहार के लोगों से की अपील

महाशिवरात्रि को लेकर बिहार पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी अलर्ट के बारे में जानकारी देते हुए बिहार के DGP विनय कुमार ने बताया कि महाशिवरात्रि के मद्देनजर सभी जिले को सेंसेटाइज कर दिया गया है. मुख्यालय स्तर से पटना समेत दूसरे सभी जिलों को अतिरिक्त पुलिस बल मुहैया करवाया गया है.

CCTV के माध्यम से सभी शिवालय के साथ साथ दूसरे मंदिरों में भी सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम कर दिए गए है. DGP विनय कुमार ने लोगों से अपील की है कि किसी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं दें और पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखें.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.