सीने पर पिस्टल तानकर विधायक ने दी जान से मारने की धमकी’, नीतीश के MLA समेत 5 पर FIR

भागलपुर: अक्सर अपने बयानों को लेकर चर्चा रहने वाले जेडीयू विधायक गोपाल मंडल फिर अपने कारनामे के लिए सुर्खियों में आ गए हैं. गोपालपुर विधायक समेत पांच लोगों पर भागलपुर के बरारी थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई है. उन पर जानलेवा हमला, मारपीट और घर कब्जा करने के आरोप लगे हैं. सिटी एसपी ने कहा कि छानबीन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

बरारी के हाउसिंग बोर्ड में रहने वाले शिक्षक सुनील कुमार कुशवाहा ने गोपाल मंडल समेत 5 लोगों पर शिकायत दर्ज कराई है. उनका आरोप है कि 12 फरवरी और 22 फरवरी को दो बार जेडीयू विधायक और उनके समर्थकों ने उनके घर पर हमला किया और उन्हें घर खाली करने की धमकी दी. उनका कहना है कि विधायक ने उनके सीने पर पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी और उनके किरायेदारों को भी धमकाकर घर खाली करवा दिया. विधायक ने कहा कि अगर घर खाली नहीं किया तो पूरे परिवार को मार देंगे, गवाह भी नहीं बचेगा.

सन्हौला में कार्यरत शिक्षक सुनील कुमार कुशवाहा के मुताबिक वह पिछले 13 वर्षों से अपने परिवार के साथ हाउसिंग बोर्ड बरारी में रह रहे हैं. 12 फरवरी की सुबह 10 बजे विधायक गोपाल मंडल अपने समर्थकों के साथ हथियार लेकर उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे. आरोप है कि विधायक ने पिस्टल तानकर उन्हें धमकाया और घर खाली करने को कहा. पीड़ित ने कहा कि डर के कारण वह विरोध नहीं कर पाए.

विधायक ने आरोपों को किया खारिज: हालांकि विधायक गोपाल मंडल ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है. उन्होंने कहा कि सुनील कुमार कुशवाहा उनके ही जानने वाले हैं और उन्होंने किसी तरह की मारपीट नहीं की है.

विधायक का कहना है कि जमीन उनके साढ़ू के बेटे की है और उन्होंने जमीन मालिक से एग्रीमेंट करवाया है. इसलिए उन्होंने सुनील से मकान खाली करने को कहा था लेकिन धमकी देने या मारपीट करने की बात गलत है.

तफ्तीश में जुटी पुलिस: पीड़ित शिक्षक की शिकायत के बाद विधायक गोपाल मंडल समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. इस मामले में बरारी थानाध्यक्ष बिट्टू कुमार कमल ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं सिटी एसपी शुभांक मिश्रा ने कहा कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading