पटना: नीतीश सरकार की ओर से वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट 3 मार्च को पेश किया गया है. 3 लाख 17 हजार करोड़ का बजट पेश किया गया है और सरकार का दावा है कि आधी आबादी, युवा, किसान, उद्यमी हर वर्ग का ख्याल रखा गया है. वहीं आरजेडी विधायकों का कहना है कि बिहार का बजट झुनझुना और लॉलीपॉप से ज्यादा कुछ नहीं है.

बिहार का बजट झुनझुना और लॉलीपॉप’: मंगलवार को आरजेडी विधायक झुनझुना और लॉलीपॉप लेकर विधानसभा पहुंचे. आरजेडी विधायक मुकेश रोशन का कहना है तेजस्वी यादव ने महिलाओं के लिए ढाई हजार रुपए आर्थिक मदद देने की मांग की थी, वृद्धजनों के पेंशन बढ़ाने की मांग की थी, गैस सिलेंडर के लिए राशि देने की मांग की थी, लेकिन बजट में महिलाओं की उपेक्षा की गई है. बजट में कुछ भी नहीं किया गया है.


जनता के साथ धोखा हुआ है’: विधायक विजय सम्राट ने कहा सरकार ने जो बजट पेश किया है, उसमें कुछ नहीं है. जनता को झुनझुना और होली का लॉलीपॉप दे दिया गया है. वित्त मंत्री सम्राट चौधरी द्वारा झुनझुना और लॉलीपॉप दिया गया है. जनता के साथ धोखा किया गया है.

खजाने में नहीं पैसा’: वहीं आरजेडी विधायक भाई विरेंद्र ने कहा कि डबल इंजन की सरकार जनता को ठगने का काम कर रही है. वादा करती है पर निभाती नहीं है. खजाने में पैसा नहीं और जनता से वादा कर रहे हैं. कहां से पैसा लाएंगे?

