पटना: बिहार में बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. 8 से 10 मार्च के बीच तेज आंधी, वज्रपात के साथ झमाझम बारिश होने की संभावना है. आईएमडी के अनुसार ऐसा प्री मानसून के कारण मौसम बदल रहा है.

इन जिलों में बारिश: सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, सहरसा, खगड़िया, मुंगेर, बांका और जमुई में 8 मार्च से 10 मार्च तक अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में तेज आंधी, वज्रपात के साथ बारिश की संभावना है.

आंधी के साथ वज्रपात: कुछ जिलों में व्रजपात और आंधी को लेकर भी संभावना है. किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, इन जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.

24 घंटे का तापमान: मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार को औरंगाबाद में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राज्य के वाल्मीकिनगर, मोतिहारी, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, बक्सर, भोजपुर, सासाराम, अरवल, औरंगाबाद और किशनगंज में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गयी.

न्यूनतम तापमान: राज्य में न्यूनतम तापमान में गिरावट आयी है. सिवान के रोहतास में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अन्य दिनों के मुकाबले 3.4 डिग्री की गिरावट आयी. अन्य जिलों में भी 6.9 डिग्री तक गिरावट आयी. सिर्फ मोतिहारी में तापमान में बढ़ोतरी की गयी.

पश्चिमी विक्षोभ का असर: मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार पूर्वोत्तर असम और उसके आसपास के क्षेत्र में मौसम बदल रहा है. चक्रवातीय परिसंचरण का हल्का असर बिहार में भी देखने को मिलेगा.

9 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय में सक्रिय होने की संभावना है. इस कारण बादल छाए रहेंगे और तापमान में गिरावट हो सकती है.