पटना: बिहार विधानसभा के बजट सत्र का आज छठा दिन है. आज विभागीय बजट पर चर्चा शुरू होगी. पथ निर्माण सहित आज कुल छह विभाग के बजट को चर्चा के लिए रखा गया हैं. ऐसे सदन की कार्यवाही आज भी हंगामेदार होने के आसार हैं. विपक्ष की ओर से कई मुद्दों पर सरकार के खिलाफ लगातार प्रदर्शन किया जा रहा है.

इन विभागों से पूछे जाएंगे कई सवाल: विधानसभा की कार्यवाही 11 बजे से शुरू होगी. आज प्रश्न काल में ऊर्जा विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग, पर्यटन विभाग, योजना एवं विकास विभाग, संसदीय कार्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग और विधि विभाग से संबंधित प्रश्न सदस्य सदन में पूछेंगे. वहीं संबंधित विभाग के मंत्री और प्रभारी मंत्री उसका जवाब देंगे.

इन विभागों के बजट पर होगी चर्चा: प्रश्न काल के बाद शून्य काल और फिर ध्यानाकर्षण भी होगा. ध्यानाकर्षन में भी कई प्रश्नों का जवाब होना है. दूसरे हाफ में 2:00 बजे से वित्तीय वर्ष 2025 -26 के विभागीय बजट पर चर्चा होगी और फिर सरकार का उत्तर भी होगा.

आज पथ निर्माण विभाग, पंचायती राज विभाग, कला संस्कृति एवं युवा विभाग, पर्यटन विभाग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग और खेल विभाग के बजट पर चर्चा होगी.

विपक्ष की ओर से सरकार को घेरने की तैयारी: विपक्षी सदस्यों की तरफ से कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी है. आरक्षण, डोमिसाइल नीति, बीएससी अभ्यर्थियों की मांग और पेश किए गए बजट में फ्री बिजली, पेंशन की राशि नहीं बढ़ाने और महिलाओं को आर्थिक मदद देने की घोषणा नहीं किए जाने को लेकर लगातार प्रदर्शन किया जा रहा है. हालांकि विपक्ष की ओर से इस बार प्रश्न काल की कार्यवाही चलने दी जा रही है और इसके कारण सदन में कई प्रश्नों के उत्तर भी हो रहे हैं.

3 लाख करोड़ से ज्यादा का बजट जारी: बिहार विधानसभा के इस बजट सत्र में 3 मार्च को बिहार बजट पेश किया गया था. डिप्टी सीएम सह प्रभारी वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने 3 लाख 17 हजार करोड़ का बजट पेश किया था. इसमें 60 हजार करोड़ शिक्षा विभाग और 20 हजार करोड़ से ज्यादा स्वास्थ्य विभाग पर खर्च करने का प्लान है.