नालंदा: आइसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत की शानदार जीत पर बिहार के नालंदा में खेल प्रेमियों ने जमकर जश्न मनाया है. चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है.

भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद, नालंदा के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है. वे हाथ में तिरंगा लेकर बिहारशरीफ स्थित अस्पताल चौक पर आतिशबाजी करते हुए भारत माता की जय के नारे लगाते हुए नजर आए.

युवाओं ने जमकर मनाया भारती की जीत का जश्न: देर रात अस्पताल चौक पर युवाओं ने तिरंगा लेकर जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस ऐतिहासिक जीत का आनंद लिया. इस मौके पर युवाओं ने कहा, आज का दिन देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और रोमांचक था. जिसमें भारत ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर चैंपियंस ट्रॉफी 2025 पर अपना कब्जा जमाया है.

तीसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी पर भारत का कब्जा: यह भारत की तीसरी चैंपियंस ट्रॉफी थी और देशवासियों ने इसे एक बड़े सम्मान के रूप में लिया है. मैच जीतने के बाद लोगों ने भारतीय क्रिकेट टीम का अभिनंदन दिया और उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं दी.

इस जीत ने न केवल भारतीय खिलाड़ियों को गर्व महसूस कराया, बल्कि देश भर में उत्साह और खुशी का माहौल बना दिया है.

इससे पहले भारत ने कब जीती चैंपियंस ट्रॉफी?: बता दें कि इससे पहले भारत ने 2002 सौरव गांगुली की कप्तानी और 2013 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा किया था. अब भारत ने 12 साल बाद रोहित शर्मा की कप्तानी में शानदार प्रदर्शन किया. वहीं दुबई में धमाकेदार जीत के साथ इंडियन क्रिकेट टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी का अपना तीसरा टाइटल जीता है.

रोहित शर्मा का रहा धमाकेदार परफॉरमेंस: कीवियों ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 251 रन ही बना सके. भारतीय टीम ने जवाबी बल्लेबाजी करते हुए 49 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 254 रन बना डाला. इस मैच में कप्तान रोहित शर्मा ने शानदार शुरुआत दी थी. 83 बॉल में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से उन्होंने 76 रनों की पारी खेली थी.