भोजपुर में 25 करोड़ की लूट बिहार की सबसे बड़ी लूट मानी जा रही है. इससे पहले जुलाई 2024 में पूर्णिया में 3.70 करोड़ रुपये की लूट हुई थी. बिहार की यह दूसरी घटना है जब किसी ज्वेलरी शो रूम में इतनी बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया.

सोमवार की सुबह की घटना: घटना सोमवार की सुबह 10:30 बजे की बतायी जा रही है. नगर थाना के गोपाल चौक स्थित तनिष्क शो रूम के मैनेजर मृत्युंजय कुमार के मुताबिक सुबह में शो रूम खुला ही था कि अपराधियों ने हथियार के बल पर घटना को अंजाम दिया. शो रूम के दोनों तल्ले से करीब 25 करोड़ के जेवरात अपराधी झोला में भरकर ले गए.

बारी-बारी से प्रवेश किया: मैनेजर के मुताबिक सभी अपराधी ग्राहक बनकर आए थे. बताया कि नियम के अनुसार शो रूम में एक बार में 4 ग्राहक ही प्रवेश कर सकते हैं, लेकिन अपराधियों की संख्या 6 के आसपास थी. सभी बारी-बारी से शो रूम में प्रवेश किए और हथियार के बल पर कर्मियों को बंधक बना लिए.

हथियार चमकाते हुए लूटपाट: घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. इसमें देखा जा सकता है कि सभी अपराधियों के हाथ में पिस्टल हैं. गार्ड का भी हथियार कंधे पर लिए हुए.

पिस्टल चमकाते हुए सभी कर्मियों को एक जगह करते हैं. सभी डर के मारे हाथ ऊपर कर दिए. इसके बाद अपराधी पहले तल्ले से लेकर दूसरे तल्ले तक आराम से जेवरात झोला में भर लिए.

जान पर खेल गयी सिमरन: हालांकि इस दौरान एक महिला कर्मी सिमरन जान पर खेलकर जेवरात बचाती है लेकिन वह कामयाब नहीं हो पाती है. सीसीटीवी में यह वीडियो भी देखा जा सकता है. हालांकि वह भी लूट को नहीं रोक पाती है.

नहीं पहुंची पुलिस: सिमरन के अनुसार जैसे ही अपराधी शो रूम में घुसे थे, उसे पता चल गया था कि कुछ गड़बड़ होने वाला है. उसने ज्वेलरी का डब्बा नीचे रख दिया था. उसने बताया कि वह किसी तरह डायल 112 पर फोन भी की लेकिन पुलिस समय पर नहीं पहुंच सकी और अपराधी सारे जेवरात लूटकर ले गए.
चप्पल में पहुंचे थे अपराधी: रिटेल ऑफिसर बताते हैं कि अपराधी 6 की संख्या में थे. सभी शर्ट, टी-शर्ट, पैंट और चप्पल पहनकर पहुंचे थे. किसी के चेहरे पर मास्क भी नहीं था. सभी हथियार से लैश थे. किसी के चेहरे पर कोई तनाव नहीं था. आराम से गहना जेवर और कैश समेटकर ले गए. अपराधियों की उम्र 25 साल के आसपास बतायी जा रही है.