बेनीबाद (गायघाट) | संवाददाता – दीपक कुमार
मुजफ्फरपुर के गायघाट प्रखंड अंतर्गत पुरानानकार बलहा गांव में रामनवमी के पावन अवसर पर इस वर्ष भी परंपरा के अनुरूप भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के इस आयोजन ने समूचे क्षेत्र को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।

इस आयोजन में जगनिया, फतेहपुर, थरमा और गोढीयारी सहित आस-पास के गांवों के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए। यात्रा की शुरुआत बागमती नदी से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जल भराई की प्रक्रिया से हुई। पूजा-पाठ का आयोजन पंडित ललल झा एवं आचार्य नीरज झा के द्वारा विधिवत रूप से संपन्न कराया गया।
इस विशेष अवसर पर 261 कन्याओं ने कलश लेकर कलश यात्रा में भाग लिया, जिनके साथ गूंजते धार्मिक गीतों और मंत्रों ने वातावरण को पूरी तरह पवित्र और आध्यात्मिक बना दिया।
ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों ने इस धार्मिक यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में विशेष भूमिका निभाई। आयोजन में नवयुवकों की भूमिका भी सराहनीय रही, जिन्होंने पूरे जोश और समर्पण के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।

उपस्थित गणमान्य लोग:
गांव के मुखिया रंजीत सिंह, रामसुन्दर सहनी, सुखा सहनी, रौशन कुमार, जयकरण कुमार, कमेश सहनी, रामजी सहनी, आदित्य कुमार, शिव कुमार, मुकेश सहनी, बिल्टू राम, दशरथ पासवान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने इस कलश यात्रा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
तीन दिवसीय अष्टयाम महायज्ञ और भक्ति संगीत का आयोजन भी
इस अवसर पर गांव में तीन दिवसीय अष्टयाम महायज्ञ, रामकलेवा, भक्ति गीत-संगीत एवं अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी भव्य व्यवस्था की गई है। रामनवमी का यह पर्व पूरे गांव के लिए केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि सांस्कृतिक एकता, श्रद्धा और परंपरा का प्रतीक बन गया है।
पूरे क्षेत्र में रामनवमी को लेकर उत्साह का माहौल है और श्रद्धालु बड़ी आस्था के साथ आयोजन में सम्मिलित हो रहे हैं।





