दीपक कुमार | गायघाट ।
मुजफ्फरपुर जिले के बेनीबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत बरुआरी गांव में हाल ही में हुई भीषण अग्निकांड की घटना के बाद मंगलवार को प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

गायघाट अंचलाधिकारी शिवांगी पाठक ने मौके पर पहुंचकर प्रत्येक पीड़ित परिवार को ₹12,000 का चेक सौंपा। साथ ही तत्काल राहत के तौर पर रहने के लिए त्रिपाल भी उपलब्ध कराया गया।
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को अचानक लगी आग में लगभग 20 घर जलकर राख हो गए थे, जिससे लाखों की संपत्ति का नुकसान हुआ। कई परिवारों के पास खाने तक का संकट उत्पन्न हो गया था।

अंचलाधिकारी शिवांगी पाठक ने बताया कि प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों की मदद में जुटा है और आगे भी जो जरूरी सहायता होगी, वह उपलब्ध कराई जाएगी।

इस अवसर पर गायघाट विधायक निरंजन राय, प्रमुख श्रवण कुमार सिंह, मुखिया आरती देवी सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद थे। सभी ने पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी और जल्द से जल्द पुनर्वास की मांग की।

प्रशासन की इस त्वरित राहत कार्रवाई की ग्रामीणों ने सराहना की है, लेकिन साथ ही स्थायी पुनर्वास और उचित मुआवजे की भी मांग की जा रही है।



