दीपक कुमार | गायघाट ।
मुजफ्फरपुर जिले के बेनीबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत तेजौल गांव में एक महिला की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव देर रात गांव से बरामद किया गया, जिसकी पहचान रूपेश कुंवर की पत्नी कंचन देवी के रूप में की गई है।

मृतका के परिजनों ने पति रूपेश कुंवर पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर में पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

एफएसएल टीम ने की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर ली है और जांच जारी है।
थानाध्यक्ष ने की पुष्टि
बेनीबाद थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि “मामले की गंभीरता को देखते हुए खुद इसकी निगरानी कर रहे हैं। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।”
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया
पुलिस ने शव का मेडिकल पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। इस दुखद घटना से गांव में शोक का माहौल है, वहीं मृतका के परिवार में रो-रो कर बुरा हाल है।
जांच के बाद होगा स्पष्ट
फिलहाल मामला संदेहास्पद बना हुआ है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं एफएसएल जांच के बाद ही महिला की मौत का असली कारण स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
न्याय की उम्मीद में मृतका के परिजन प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।





