विशेष संवाददाता।
मुज़फ्फरपुर।चित्रगुप्त एसोसिएशन के नवनिर्वाचित महामंत्री अजय कुमार श्रीवास्तव ने पदभार ग्रहण करने से पहले ही अपने तेवर साफ कर दिए हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि अब एसोसिएशन में कोई भी गड़बड़ी छुपाई नहीं जाएगी, बल्कि हर अनियमितता की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अब किसी को बर्खास्त कर मामले को रफा-दफा करने की परंपरा समाप्त होगी। चाहे वह पूर्व के बड़े पदाधिकारी ही क्यों न हों, यदि किसी पर आरोप हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और कोई भी जांच से बाहर नहीं रहेगा।

कार्यशैली में पारदर्शिता व जवाबदेही की प्राथमिकता को रेखांकित करते हुए उन्होंने अपने नव-निर्वाचित साथियों को चेताया कि अब एसोसिएशन में अनावश्यक दखलंदाज़ी, दबाव या पक्षपात की कोई जगह नहीं होगी। अजय कुमार श्रीवास्तव ने स्पष्ट कहा कि उनके कार्यकाल में कोई भी फैसला नियमों और एसोसिएशन के संविधान के अनुसार ही लिया जाएगा।

मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह केवल एक पद नहीं, बल्कि एक विश्वास है, और वे हर हाल में मतदाताओं की उम्मीदों पर 100% खरे उतरने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने यह भी ऐलान किया कि चित्रगुप्त एसोसिएशन की धूमिल हो चुकी छवि को सुधारना उनकी प्राथमिकता होगी और वे ज्यादा से ज्यादा चित्रांशों को इस संस्था से जोड़कर एक पारदर्शी, लोकतांत्रिक और प्रभावशाली संगठन का निर्माण करेंगे।

चित्रगुप्त समाज के लिए यह एक निर्णायक मोड़ माना जा रहा है, जहां संगठन में नई कार्यसंस्कृति, स्पष्ट नेतृत्व और जवाबदेही की दिशा में एक नई शुरुआत होने जा रही है।






