अमन कुमार “मॉन्टी” । मुजफ्फरपुर, 6 जून 2025 । नगर थाना क्षेत्र के साहू पोखर में डूबने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीती रात एक और युवक की मौत ने स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना दिया है। चकवासु मोहल्ला, कच्ची सराय रोड निवासी गौरव कुमार (पिता प्रकाश कुमार) की साहू पोखर में डूबने से मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक गौरव रात करीब 12 बजे अपने मित्र के साथ पोखर गया था। इसके बाद मित्र ने फोन कर परिवार को बताया कि गौरव पानी में डूब गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि साहू पोखर में इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं। महज 10 दिन पहले 27 मई 2025 को भी एक अज्ञात व्यक्ति का शव इसी पोखर में तैरता मिला था। उसकी पहचान नहीं हो सकी थी, पर दाहिने हाथ में ‘महादेव’ का टैटू बना हुआ था। उस वक्त भी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए SKMCH भेजा था और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की थी।

दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में डर और चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि बार-बार साहू पोखर में इस तरह की संदिग्ध घटनाएं प्रशासन की लापरवाही को उजागर कर रही हैं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से पोखर के चारों ओर सुरक्षा के पुख़्ता इंतज़ाम करने और जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है।
पुलिस ने दोनों मामलों की जांच जारी रखते हुए लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। प्रशासन ने भी इन घटनाओं की गहन जांच का भरोसा दिलाया है।


