इनरव्हील क्लब ऑफ मुज़फ़्फ़रपुर श्रीजन न्यू जेन” ने शिक्षिकाओं को किया सम्मानित

मुज़फ़्फ़रपुर, 5 सितम्बर। शिक्षक दिवस के अवसर पर इनरव्हील क्लब ऑफ मुज़फ़्फ़रपुर श्रीजन न्यू जेन द्वारा शहर में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में तीन शिक्षिकाओं को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान और समाज निर्माण में निभाई जा रही भूमिका के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत और गुरुजनों को नमन के साथ हुआ। इसके पश्चात क्लब की सदस्याओं ने संयुक्त रूप से शिक्षिकाओं को पारंपरिक साल ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही सर्टिफिकेट ऑफ अप्रिसिएशन और प्रेरणादायी पुस्तकें भेंट की गईं। समारोह के दौरान शिक्षिकाओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन से शिक्षकों का मनोबल बढ़ता है और उन्हें समाज व छात्रों के लिए और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।

इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष श्रीमती नुपुर दीपक ने कहा कि शिक्षक समाज के वास्तविक मार्गदर्शक होते हैं। उनकी मेहनत और त्याग के बिना राष्ट्र का भविष्य सुरक्षित नहीं हो सकता। उन्होंने आगे कहा कि शिक्षक दिवस केवल स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि यह संकल्प लेने का दिन है कि हम अपने गुरुजनों के आदर्शों पर चलें।

समारोह में क्लब की रेखा वर्मा, डा० रंजू सिंह सहित अन्य सदस्याओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया और पूरे उत्साह के साथ आयोजन को सफल बनाया। सभी ने मिलकर शिक्षक दिवस का केक काटा और इस दिन को यादगार बनाया। कार्यक्रम का माहौल उल्लास और गरिमा से परिपूर्ण रहा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.