मुजफ्फरपुर।नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की बैठक शुक्रवार को निगम मुख्यालय में आयोजित की गई। बैठक में नागरिक सुविधाओं और त्योहारों की तैयारी को लेकर कई अहम फैसले सर्वसम्मति से लिए गए।

बैठक में आगामी दशहरा, दीपावली और छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए 15 लाख तक की लागत वाले जरूरी कार्यों को विभागीय स्तर पर तत्काल पूरा करने की स्वीकृति दी गई। इसके तहत 265 स्ट्रीट लाइटों की खरीद, छठ घाटों की सफाई के लिए विशेष टीम का गठन और कृत्रिम घाटों के निर्माण की मंजूरी मिली।

जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए छह प्रमुख पोखरों के जीर्णोद्धार और घाट निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। वहीं, आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए एनिमल बर्थ कंट्रोल रूल के तहत निविदा प्रक्रिया को भी हरी झंडी मिली।
नगरपालिका कर व्यवस्था सुधार के तहत बिहार नगरपालिका संपत्ति कर नियमावली, 2013 की गुणक तालिका में संशोधन का निर्णय लिया गया। कर्मचारियों के हित में समान कार्य समान वेतन पर कार्यरत कर्मियों को सप्तम वेतनमान का अधिभार देने की स्वीकृति दी गई।

इसके अलावा निगम क्षेत्र के सभी पार्कों में एडवेंचर ज़ोन विकसित किए जाएंगे, ताकि नागरिकों को आधुनिक मनोरंजन की सुविधाएं मिल सकें।

महापौर निर्मला देवी ने कहा कि त्योहारों के दौरान सड़क, प्रकाश और घाटों की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि लोगों को असुविधा न हो। उपमहापौर डॉ. मोनालिसा ने छठ पर्व को नगर की सांस्कृतिक पहचान बताते हुए कृत्रिम घाटों और सफाई कार्यों पर निगरानी का आश्वासन दिया। वहीं, नगर आयुक्त विक्रम विरकर ने कहा कि पोखरों का जीर्णोद्धार, स्ट्रीट लाइट और एडवेंचर ज़ोन जैसे निर्णयों को समयबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।