
CHAPRA : छपरा जिले के जाने-माने डॉक्टर सजल कुमार का भतीजा रहस्यमयी ढंग से गायब है. सजल के भतीजे सार्थक उर्फ गोलू की तलाश लगातार जारी है. छानबीन के लिए SIT टीम का गठन हुआ है. लेकिन गायब होने के 4 दिन बाद भी 7 वर्षीय सार्थक का कोई सुराग नहीं मिल सका है. इस मामले में SIT ने पहले ही 7 लोगों को हिरासत में लिया था. अब 3 और लोग को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.

सारण के एसपी ने परिजनों से मुलाकात कर बच्चे को सकुशल बरामद करने का आश्वासन दिया है. लेकिन कैमरे पर कुछ भी बोलने से बच रही है. खबर के अनुसार सार्थक मंगलवार की दोपहर पतंग खरीदने घर से बाहर निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा जिसके बाद देर शाम परिजनों ने नगर थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया.

तेलपा अड्डा चौक निवासी शहर के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ सजल कुमार का 7 वर्षीय भतीजा मंगलवार शाम घर के पास से रहस्यमय ढंग से लापता हो गया. बच्चे के गायब हो जाने की प्राथमिकी बुधवार को दर्ज कराई गई. प्राथमिकी बच्चे के पिता मंटू कुमार गुप्ता के लिखित आवेदन पर नगर थाना में दर्ज की गई है. वहीं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. वे लोग अपहरण की आशंका भी जता रहे हैं.

छपरा शहर के नगर थाना क्षेत्र से गायब 7 वर्षीय सार्थक को पुलिस चौथे दिन भी खोजने में नाकाम रही है. वहीं इस घटना को लेकर राजद सरकार पर हमला कर रही है और इसे महाजंगलराज की संज्ञा दे रही है.
